mor36garh-logo

सूरजपुर जिले के दूरस्थ चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के 15 से अधिक गांवों में 78 साल बाद बिजली पहुंचने जा रही है

सूरजपुर जिले के दूरस्थ चांदनी बिहारपुर क्षेत्र के 15 से अधिक गांवों में 78 साल बाद बिजली पहुंचने जा रही है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयास से करोड़ों की स्वीकृति मिली।

सूरजपुर। आजादी के 78 वर्ष बाद भी सूरजपुर जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र चांदनी बिहारपुर के कई गांव बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। जहां देश डिजिटल युग में तेजी से आगे बढ़ रहा है, वहीं इस क्षेत्र के कई ग्रामीण आज भी अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर हैं। सड़क, पानी और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए वर्षों से संघर्ष कर रहे इन गांवों के लोगों के लिए अब उम्मीद की नई किरण दिखाई देने लगी है।

बिजली बिना ग्रामीणों का जीवन कठिन
मिली जानकारी के अनुसार, चांदनी बिहारपुर के कई गांवों में आज तक बिजली नहीं पहुंच पाई थी। ग्रामीणों ने वर्षों तक आंदोलन किए, जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई, कई विधायक और सरकारें बदलीं, लेकिन हालात जस के तस बने रहे। बिजली के बिना बच्चों की पढ़ाई, किसानों की सिंचाई और आम लोगों का सामान्य जीवन बेहद कठिन बना रहा।

25 करोड़ रुपये की मिली स्वीकृति
अब भटगांव विधायक एवं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से इन गांवों में रोशनी पहुंचने की राह आसान होती दिख रही है। लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से 15 से अधिक गांवों में विद्युत व्यवस्था पहुंचाने की स्वीकृति मिली है। यह दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में विकास की दिशा में एक बड़ी पहल मानी जा रही है।

जीवन की कई परेशानियां होंगी कम
ग्रामीणों का कहना है कि, उन्होंने दशकों तक बिजली का इंतजार किया है। अब जब गांवों में बिजली पहुंचने की उम्मीद जगी है, तो लोगों में उत्साह साफ दिखाई दे रहा है। उनका कहना है कि, अब बच्चे बेहतर ढंग से पढ़ाई कर सकेंगे, गांव दुनिया से जुड़ पाएंगे और जीवन की कई परेशानियां कम होंगी।

बिजली आने से बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलेगी- राजवाड़े
इस मामले में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के प्रयासों से दूरस्थ क्षेत्रों तक सुविधाएं पहुंचाने का काम लगातार किया जा रहा है। विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए संकल्पों को पूरा करते हुए 25 करोड़ से अधिक की राशि विद्युत व्यवस्था के लिए स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि, बिजली आने से बच्चों को बेहतर शिक्षा मिलेगी, किसानों की आमदनी बढ़ेगी और वर्षों से चला आ रहा इंतजार समाप्त होगा।

अब विकास की राह पर चांदनी बिहारपुर
कभी ‘काला पानी’ के नाम से पहचाने जाने वाला चांदनी बिहारपुर अब विकास की राह पर आगे बढ़ता नजर आ रहा है। सड़क, पुल, पानी और अब बिजली जैसी सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र में बदलाव की नई तस्वीर बन रही है। 78 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद अब यहां के गांव अंधेरे से उजाले की ओर बढ़ रहे हैं।

Mor36garh

Mor36garh

Related News