mor36garh-logo

रायपुर में बंद कमरे में मिले मां-बेटे के शव, बदबू आने पर पड़ोसियों ने दी पुलिस को सूचना

रायपुर के गुढ़ियारी छोटा अशोक नगर में किराये के मकान में मां-बेटे के शव मिले हैं।

राजधानी के गुढ़ियारी इलाके में एक किराये के मकान के कमरे से मां-बेटे के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों की मौत करीब तीन से चार दिन पहले होने की आशंका है। कमरे से बदबू आने और मां-बेटे के कई दिनों से दिखाई नहीं देने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

छोटा अशोक नगर की घटना, चार साल से रह रहे थे किराये पर

घटना छोटा अशोक नगर गुढ़ियारी की है। यहां दिलीप मंडल के मकान में किराये से रहने वाली जय जी देशमुख (52) और उनका बेटा हंसमुख देशमुख (25) पिछले करीब चार साल से रह रहे थे। जय जी देशमुख ऑनलाइन टीचिंग का काम करती थीं। वहीं उनका बेटा बीमार रहता था। मकान मालिक के अनुसार, बेटे का इलाज भी चल रहा था।

तीन-चार दिन से नहीं दिखे तो पड़ोसियों को हुआ शक

जानकारी के मुताबिक, मां-बेटे पिछले तीन-चार दिनों से आसपास के लोगों को दिखाई नहीं दिए थे। इस दौरान उनके कमरे से बदबू आने लगी। अनहोनी की आशंका पर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण उसे तोड़कर खोला गया। अंदर महिला का शव फर्श पर और बेटे का शव बिस्तर पर मिला। दोनों के शव तीन-चार दिन पुराने होने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एसीपी मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। प्रारंभिक परिस्थितियों के आधार पर मां-बेटे द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News