mor36garh-logo

आकाशगंगा कॉलोनी में फरवरी माह में हुई सिलसिलेवार चोरियों का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया

धमतरी। शहर की आकाशगंगा कॉलोनी में फरवरी माह में हुई सिलसिलेवार चोरियों का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में मध्यप्रदेश के धार जिले से जुड़े गिरोह के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

आकाशगंगा कॉलोनी में मकान को बनाया था निशाना 
07-08 फरवरी की रात आकाशगंगा कॉलोनी (फेज-1 और फेज-2) के चार सूने मकानों को निशाना बनाकर सेंधमारी की गई थी। चोरों ने ताले तोड़कर घरों में प्रवेश किया और नगदी व आभूषण सहित कुल 1.28 लाख रुपये की चोरी कर फरार हो गए। सभी मामलों में थाना कोतवाली में अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए थे। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, टावर डंप और तकनीकी विश्लेषण का सहारा लिया।

बातचीत के लिए इंस्टाग्राम का करते थे उपयोग 
जांच में सामने आया कि आरोपी सुनियोजित तरीके से केवल बंद मकानों को निशाना बनाते थे और वारदात के बाद बस से शहर छोड़ देते थे। आरोपियों के बीच संपर्क के लिए Instagram का उपयोग किया जाता था। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि इसी गिरोह ने कोरबा, अंबिकापुर और राजनांदगांव में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। विभिन्न जिलों की पुलिस से समन्वय कर गिरोह की पहचान मध्यप्रदेश के धार जिले के रूप में की गई।

9 दिनों की निगरानी के बाद हुई गिरफ्तारी 
विशेष टीम ने करीब 9 दिनों तक निगरानी के बाद आरोपी दिनेश बवानिया (28) को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी में प्रयुक्त औजार और एक सोने की अंगूठी बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि चोरी का सामान आपस में बांटकर बेच दिया जाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 331(4), 305(a) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

गिरोह के तीन आरोपी अब भी फरार 
पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य तीन सदस्यों की तलाश जारी है, जिनमें से दो की पहचान हो चुकी है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की संभावना जताई गई है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News