रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां छत्तीसगढ़ शासन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए स्कूल शिक्षा विभाग के अतिथि शिक्षकों के मानदेय भुगतान हेतु 13.81 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की है। इस निर्णय से प्रदेश के 1535 अतिथि शिक्षकों को राहत मिलेगी और शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
1535 अतिथि शिक्षकों को मिलेगा लाभ
स्वीकृत राशि के तहत राज्य के कुल 1535 अतिथि शिक्षकों को 4 से 5 माह की अवधि के लिए प्रति माह 20 हजार रुपए की दर से मानदेय दिया जाएगा। इससे लंबे समय से भुगतान की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों को राहत मिलने की संभावना है।
जिलों को जारी हुआ बजट, बलरामपुर को सबसे अधिक राशि
वित्त नियंत्रक, लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिलेवार आवंटन किया गया है। इसमें बलरामपुर जिले को सर्वाधिक 1.98 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। इसके अलावा कोण्डागांव को 1.27 करोड़, बस्तर को 1.20 करोड़, सूरजपुर को 1.17 करोड़ और कांकेर को 1.13 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।
अन्य जिलों को भी मिला पर्याप्त फंड
गरियाबंद को 73.80 लाख, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर को 70.20 लाख और सरगुजा को 63.90 लाख रुपए दिए गए हैं। वहीं रायगढ़ को 63 लाख, कोरिया को 55.80 लाख और कोरबा को 51.30 लाख रुपए का आवंटन किया गया है। सुकमा और बीजापुर को 43.20-43.20 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
छोटे जिलों के लिए भी विशेष प्रावधान
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही को 35.10 लाख, नारायणपुर को 32.40 लाख और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी को 30.60 लाख रुपए दिए गए हैं। दंतेवाड़ा और सारंगढ़-बिलाईगढ़ को 27.90-27.90 लाख रुपए मिले हैं। बलौदाबाजार-भाटापारा को 25.20 लाख, महासमुंद को 18.90 लाख, बालोद को 11.70 लाख और धमतरी को 10.80 लाख रुपए आवंटित किए गए हैं। इसके साथ ही कबीरधाम को 9.90 लाख, जशपुर को 9 लाख और सक्ती जिले को 2.70 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं।
समय पर भुगतान और शिक्षा व्यवस्था को मिलेगा बल
सरकार के इस फैसले से अतिथि शिक्षकों को समय पर मानदेय मिल सकेगा, जिससे स्कूलों में पढ़ाई का काम प्रभावित नहीं होगा। संबंधित जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्वीकृत राशि का उपयोग नियमानुसार करें और भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखें।





