mor36garh-logo

ओडिशा सीमा में लकड़ी तस्करी के बाद गरियाबंद जिले के मैदानी इलाकों में तस्करों के नए-नए हथकंडे सामने आ रहे हैं।

गरियाबंद / पांडुका। ओडिशा सीमा में लकड़ी तस्करी के बाद गरियाबंद जिले के मैदानी इलाकों में तस्करों के नए-नए हथकंडे सामने आ रहे हैं। लकड़ी तस्करी के बाद अब नशे की तस्करी भी पुष्पा स्टाइल में होने लगी है। ताजा मामला पाण्डुका थाना क्षेत्र के ग्राम अतरमरा का है जहां सिंचाई विभाग की नहर में तैरते हुए गांजा के पैकेट मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

अतरमरा पंचायत के बड़े पुलिया के नीचे पानी में बहते 17 पैकेट से करीब 73 किलो गांजा छोटे-छोटे पैकेट में जिसकी क़ीमत 15 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। इस तरह खुलेआम पुल के नीचे नशे की खेप मिलना क्षेत्र में पहली बार देखा गया जिससे लोगों में भय और कौतूहल का माहौल बन गया है।

अतरमरा क्षेत्र पहले भी अवैध गांजा कारोबार को लेकर चर्चा में
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने या दबाव के चलते गांजा की खेप को नहर में फेंक दिया होगा। यह भी संभावना है कि यह खेप जतमई मार्ग या आसपास के अंदरूनी गांवों से होते हुए यहां तक पहुंची हो। स्थानीय लोगों का कहना है कि अतरमरा क्षेत्र पहले भी अवैध गांजा कारोबार को लेकर चर्चा में रहा है। ऐसे में इस बरामदगी ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं क्या यह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है। क्या तस्कर अब पानी के रास्ते सप्लाई का नया तरीका अपना रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

मामले की जांच जारी
पाण्डुका थाना प्रभारी कृष्ण कुमार जांगड़े ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि ग्रामीणों की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी पैकेट जब्त कर लिए गए हैं। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News