करण जौहर का मशहूर शो ‘कॉफी विद करण’ लौट रहा है. जानें कब शुरू होगा सीजन 9.
फिल्ममेकर करण जौहर का पॉपुलर शो ‘कॉफी विद करण’ एक बार फिर वापसी करने के लिए तैयार है. पिछले कई सालों से यह शो बॉलीवुड में चर्चा का हिस्सा रहा है. चाहे वो सेलेब्स के अफेयर की खबरें हों या उनके आपसी झगड़े, इस शो के काउच पर बैठकर बड़े-बड़े राज खुलते हैं. पिछले सीजन के विवादों के बाद फैंस को बेसब्री से इंतजार था कि क्या करण फिर से अपना ‘कॉफी मग’ लेकर लौटेंगे और अब उन्होंने खुद इस पर मुहर लगा दी है.
कब शुरू होगा नया सीजन?
The Week के साथ एक खास बातचीत के दौरान जब करण जौहर से शो की वापसी की डेट पूछी गई, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “दिवाली पर, सीजन 9.” यानी इस बार दिवाली के पटाखों के साथ-साथ बॉलीवुड के कई धमाके भी सुनने को मिलेंगे.
विवादों से भरा रहा है पिछला सीजन
पिछला सीजन (सीजन 8) काफी चर्चा में रहा था, खासकर रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण वाले एपिसोड की वजह से. इस कपल को अपनी रिलेशनशिप पर की गई कुछ बातों के लिए काफी ट्रोल किया गया था. पिछले सीजन में सनी देओल, बॉबी देओल, करीना कपूर और आलिया भट्ट जैसे कई बड़े सितारे आए थे. यह शो साल 2004 से चल रहा है और हर बार कोई न कोई बड़ा विवाद खड़ा कर देता है, जैसे कभी हार्दिक पांड्या के बयान तो कभी सोनम कपूर की बातें.
कंगना और करण का ‘नेपोटिज्म’ विवाद
इस शो का सबसे बड़ा धमाका तब हुआ था जब कंगना रनौत ने करण जौहर के ही शो पर उन्हें ‘नेपोटिज्म का झंडा उठाने वाला’ और ‘मूवी माफिया’ कह दिया था. इस बात को लेकर सालों तक दोनों के बीच बहस चलती रही. कंगना ने करण को अपनी जिंदगी का ‘विलेन’ तक कह दिया था. इसी इंटरव्यू के बाद से बॉलीवुड में ‘इनसाइडर्स बनाम आउटसाइडर्स’ की जंग शुरू हुई थी.
अब कंगना के बदले सुर
दिलचस्प बात यह है कि अब कंगना रनौत के करण जौहर को लेकर विचार थोड़े बदल गए हैं. हाल ही में ANI को दिए एक इंटरव्यू में कंगना ने कहा, “मुझे नहीं लगता कि करण जौहर कोई बुरे इंसान हैं.”





