कोरबा। सिरफिरे पति ने पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद धड़ से सिर अलग कर हाथ में लेकर गांव में घूमता रहा। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, रजगामार चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुंदेली में बुधवार शाम यह घटना हुई। बताया जाता है कि गांव में रहने वाले सालिकराम यादव ने अपनी पत्नी चेंचकुंवर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उसके धड़ से सिर को अलग कर दिया। हत्या के बाद सालिकराम यादव पत्नी के सिर को लेकर गांव की गलियों में घूमता रहा, जिसे देखकर गांव के लोग दहशत में आ गए। लगभग आधे घंटे तक सालिकराम अपनी पत्नी के सिर को लेकर घूमता रहा।
आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी, व रजगामार चौकी प्रभारी विनोद सिंह को मिली तो वे दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले पति सालिकराम यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के सूत्र बताते हैं कि चरित्र शंका को लेकर हत्या की यह वारदात हुई है।





