रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन को लेकर काम तेज़ हो गया है। आने वाले 25 दिनों में शहर के 8000 घरों तक गैस कनेक्शन पहुंचाया जाएगा। अब तक 700 से अधिक रजिस्ट्रेशन पूरे हो चुके हैं और दूसरे चरण में 15 हजार घरों को PNG से जोड़ने की योजना है।
25 दिन में 8000 घरों तक PNG कनेक्शन
गैस कंपनी ने बताया कि शहर के विभिन्न इलाकों में तेजी से लाइन बिछाने और कनेक्शन देने का काम जारी है। लक्ष्य है कि अगले 25 दिनों में 8000 नए घर PNG गैस से जुड़ जाएं।
दूसरा फेज: 20 सोसायटी, 15 हजार घरों का लक्ष्य
PNG विस्तार के दूसरे चरण में 20 प्रमुख सोसायटियों को शामिल किया गया है, जहां कुल 15 हजार घरों में कनेक्शन देने का टारगेट रखा गया है। इसके लिए टीमों को क्षेत्रवार जिम्मेदारी दी गई है।
घर-घर टीम पहुंचकर कर रही रजिस्ट्रेशन
लोगों को सुविधा देने के लिए कंपनी की टीमें घर-घर जाकर रजिस्ट्रेशन कर रही हैं। साथ ही कॉलोनियों और सोसायटियों में विशेष कैंप भी लगाए जा रहे हैं ताकि लोग आसानी से आवेदन कर सकें।
24 घंटे सर्विस और हेल्पलाइन उपलब्ध
कंपनी ने बताया कि उपभोक्ताओं के लिए 24 घंटे की सर्विस सपोर्ट और हेल्पलाइन उपलब्ध है। किसी भी तरह की तकनीकी समस्या, गैस प्रेशर मुद्दा या शिकायत पर टीम तुरंत पहुंच जाएगी।
सस्ती और सुरक्षित सुविधा से मिलेगी राहत
PNG गैस न सिर्फ सिलेंडर की तुलना में सस्ती है, बल्कि यह अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक मानी जाती है। इससे लोगों को बार-बार सिलेंडर बुकिंग और डिलीवरी की परेशानी से भी छुटकारा मिलेगा।





