mor36garh-logo

बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली। पुलिस जांच में जुटी।

सीतापुर के आदर्शनगर में बाजार से बेटी के साथ घर लौट रही महिला के गले से बाइक सवार दो बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली। पुलिस जांच में जुटी।

 सीतापुर। छत्तीसगढ़ के सीतापुर में चोरों और लुटेरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। अब बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि, भीड़भाड़ वाले इलाके और नेशनल हाईवे के पास भी वारदात को अंजाम देने से नहीं डर रहे।

बाइक सवार दो यिवकों ने खिंची महिला की चेन
मिली जानकारी के अनुसार, मामला सीतापुर के आदर्शनगर का है, जहां बाजार से सब्जी लेकर बेटी के साथ घर लौट रही एक महिला के गले से बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं महिला सदमे में है।

बाजार में सब्जी लेने दौरान हुई घटना
घटना कटनी-गुमला नेशनल हाईवे क्रमांक-43 स्थित आदर्श हार्डवेयर सीतापुर के पास की बताई जा रही है। दरअसल, आदर्श हार्डवेयर के संचालक राहुल अग्रवाल की पत्नी सोमवार शाम करीब साढ़े छह बजे आदर्शनगर में लगने वाले सब्जी बाजार से अपनी बेटी के साथ घर लौट रही थीं। सब्जी लेकर जब वह सड़क पार कर घर के पास पहुंचीं, तभी बाइक पर सवार दो अज्ञात युवक तेजी से वहां पहुंचे।

मौके पर फरार हुए बाइक सवार
बताया जा रहा है कि, बाइक सवार बदमाशों ने महिला के गले से लॉकेट समेत सोने की चेन झपट्टा मारकर लूट ली और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ ही नहीं पाई। अचानक हुई इस वारदात से वह बुरी तरह घबरा गईं और सदमे में आ गईं।

लोगों में भय और आक्रोश
घटना का वीडियो पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। हालांकि अंधेरा होने की वजह से बदमाशों के चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे उनकी पहचान करने में पुलिस को मुश्किल हो रही है। नेशनल हाईवे से सटे आदर्शनगर जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस लूट की घटना ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।

अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
लोगों का कहना है कि यदि भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की घटनाएं होंगी, तो आम नागरिक खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेंगे। घटना के बाद महिला के पति राहुल अग्रवाल ने सीतापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात लुटेरों की तलाश में जुट गई है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News