दुर्ग में बांग्लादेशी महिला के पकड़े जाने के बाद पुलिस सतर्क है। एसटीएफ 32 हजार लोगों के डेटा की जांच कर 250 से ज्यादा संदिग्ध विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है। दुर्ग जिले में बांग्लादेशी नागरिक रीना अख्तर के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने अवैध प्रवास और विदेशी नागरिकों की पहचान के लिए अभियान तेज कर दिया है। एसटीएफ टीम ने सालभर में करीब 32 हजार व्यक्तियों के स्कैन डाटा का विश्लेषण किया। इसमें 250 से अधिक लोगों को जांच और सत्यापन के लिए चिन्हित किया है। उनके दस्तावेज और पहचान सत्यापित किए जा रहे हैं।
बंगाल के कई इलाकों में चला सर्च अभियान – पुलिस के अनुसार, चिन्हित लोगों की जानकारी जुटाने एसटीएफ टीम ने बंगाल के मेदिनीपुर, दक्षिण 24 परगना, मुर्शिदाबाद और अन्य इलाकों में सर्च अभियान चलाया। संदिग्धों के बताए पतों, स्वजन संबंधी जानकारी का सत्यापन कर दस्तावेजीकरण किया गया। टीम संबंधित जानकारियों का मिलान कर रही है। तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई होगी।





