mor36garh-logo

छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में TTE से कराई जा रही 44 घंटे की ड्यूटी, रेल यूनियन ने की श्रम आयुक्त से शिकायत

दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के TTE की 44 घंटे की ड्यूटी का मामला श्रम आयुक्त के पास पहुंचा है।

अब कटनी में रायपुर-जबलपुर के बीच ड्यूटी बांटने का प्रस्ताव है। दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग (छत्तीसगढ़ संपर्क क्रांति एक्सप्रेस) में तैनात टिकट चेकिंग स्टाफ से 44 घंटे की ड्यूटी कराई जा रही है। रेल श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष नजीर अहमद ने इस मामले की शिकायत सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय) रायपुर से की है। इसके अनुसार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में कार्यरत वाणिज्य विभाग के टीटीई कर्मचारियों को लगातार तीन दिन तक यानी ट्रेन के छूटने के स्टेशन से गंतव्य स्टेशन पहुंचने तक ड्यूटी करनी पड़ती है।

इस दौरान वे लगभग 44 घंटे लगातार काम करते हैं, जबकि इसके एवज में उन्हें केवल एक दिन का विश्राम दिया जाता है। कर्मचारियों का लगभग 20 घंटे अतिरिक्त कार्य बनता है, जिसके चलते टीटीई कर्मचारी नियमानुसार ओवरटाइम के पात्र हैं। इसके बावजूद उन्हें न तो पर्याप्त विश्राम मिल रहा है और न ही अतिरिक्त कार्य का उचित लाभ दिया जा रहा है, जिससे उनका स्वास्थ्य भी प्रभावित हो रहा है। मामले की शिकायत 27 अगस्त को की गई थी। क्षेत्रीय श्रम आयुक्त ने 23 अक्टूबर को मामले में सुनवाई के लिए दोनों पक्षों को बुलाया था। जिसमें रेलवे की ओर से एसीएम और शिकायत कर्ता ने अपने अपने पक्ष रखे हैं। एसीएम ने श्रम आयुक्त को बताया कि यूनियन अनुरोध को स्वीकार करते हुए 16 अब्टूबर को टीटी स्टाफ के कटनी तक ड्यूटी करने के लिए जोन मुख्यालय को प्रस्ताव भेज दिया गया है।

रायपुर मंडल ने सुझाव का प्रस्ताव बनाकर जोन मुख्यालय भेजा

  • कर्मचारियों की इन्हीं परेशानियों और रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल ने कार्य व्यवस्था के युक्तसंगतकरण के लिए अहम कदम उठाया है। सहायक वाणिज्य प्रबंधक द्वारा बिलासपुर मुख्यालय के मुख्य वाणिज्य प्रबंधक को भेजे गए प्रस्ताव के तहत ट्रेन में टिकट चेकिंग स्टाफ की लंबी ड्यूटी को दो मंडलों के बीच बांटने का सुझाव दिया गया है।
  • इसके अनुसार दुर्ग से कटनी मुड़वारा और वापस कटनी मुड़वारा से दुर्ग तक ट्रेन में चेकिंग का कार्य रायपुर मंडल का स्टाफ संभालेगा। वहीं जबलपुर मंडल का स्टाफ कटनी मुड़वारा से हजरत निजामुद्दीन और वापस कटनी मुड़वारा तक ड्यूटी करेगा।

जोनल मुख्यालय पहुंचा प्रस्ताव

  • रेलवे के जानकारों का कहना है कि यह ट्रेन दो अलग-अलग जोन के रेल मंडलों के अंतर्गत आती है, इसलिए दोनों जोन के वाणिज्य विभाग के अधिकारी की समीक्षा करेंगे कि कटनी मुड़वारा पर स्टाफ बदलने की प्रक्रिया व्यावहारिक रूप से कैसे लागू होगी।

 

 

Mor36garh

Mor36garh

Related News