करगीकला के पास हुए हादसे में एक युवक को समय पर इलाज नहीं मिल सका, एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक कोई सहायता मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पेंड्रा | गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सिस्टम की संवेदनहीनता को उजागर कर दिया। करगीकला के पास हुए इस हादसे में एक युवक को समय पर इलाज नहीं मिल सका, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
तेज रफ्तार हादसा, पेड़ से टकराई बाइक
जानकारी के अनुसार, कुम्हारी निवासी प्रताप प्रधान रोज़ की तरह सब्जी बेचकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान करगीकला के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
घंटों तक सड़क किनारे तड़पता रहा घायल
हादसे के बाद सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि घायल युवक लंबे समय तक सड़क किनारे पड़ा रहा। राहगीरों ने तुरंत मदद के लिए डायल 112 और 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दी, लेकिन काफी देर तक कोई सहायता मौके पर नहीं पहुंच सकी। इस दौरान युवक की हालत लगातार बिगड़ती रही।
सोशल मीडिया के जरिए मदद की गुहार
स्थानीय लोगों और एक पत्रकार ने प्रशासन तक सूचना पहुंचाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया, लेकिन राहत पहुंचने में देरी हो गई, समय पर चिकित्सा सुविधा न मिलने के कारण घायल युवक जिंदगी की जंग हार गया।
निजी वाहन से अस्पताल ले जाने पर हुई मौत की पुष्टि
लबे समय तक इंतजार करने के बाद भी जब सरकारी मदद नहीं पहुंची तो परिजनों और ग्रामीणों ने निजी वाहन से उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों में आक्रोश, व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद मृतक के परिवार में गहरा आक्रोश है, उनका कहना है कि यदि समय पर एम्बुलेंस पहुंच जाती, तो युवक की जान बच सकती थी। इस घटना ने एक बार फिर आपीतकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, फिलहाल, इस मामले को लेकर क्षेत्र में शोक की लहर है, और प्रशासन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठा रही है।





