रायपुर जिले में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, 20 किलो वजनी दुर्लभ पैंगोलिन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार। करीब लाखों रुपये की कीमत आंकी गई, एक हफ्ते से चल रही थी निगरानी।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग की टीम ने राजधानी रायपुर में दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने इनके कब्जे से करीब लाखों रुपये की कीमत का दुर्लभ पैंगोलिन बरामद किया है। इस कार्रवाई को वन विभाग की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जो लगातार वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए अभियान चला रहा है।
दो संदिग्ध व्यक्तियों के पास मिला जिंदा पैंगोलिन
मिली जानकारी के अनुसार, वन विभाग को सूचना मिली थी कि भाठागांव के पास रावांभाठा इलाके में वालफोर्ट सिटी के पीछे स्थित एक झुग्गी में दो संदिग्ध व्यक्ति ठहरे हुए हैं, जिनके पास जिंदा पैंगोलिन है। सूचना मिलते ही विभाग ने रणनीति बनाते हुए एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा। कर्मचारी ने तस्करों से संपर्क किया और पैंगोलिन दिखाने को कहा।
पैंगोलिन की कीमत करीब लाखों रुपये
तस्करों ने जैसे ही जिंदा पैंगोलिन दिखाया और उसकी कीमत करीब लाखों रुपये बताई, तभी पहले से तैयार वन विभाग की टीम को इशारा किया गया। टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी घबरा गए और भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन सतर्क टीम ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्यारेलाल गोपचे और गोखन हलदार के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वन विभाग ने उनके पास से करीब 20 किलो वजनी पैंगोलिन जब्त किया है।
एक सप्ताह से तलाश कर रही थी टीम
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि, इन तस्करों की पिछले एक सप्ताह से लगातार तलाश की जा रही थी। आखिरकार सटीक सूचना और योजना के तहत यह बड़ी सफलता हाथ लगी। फिलहाल, दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।




