बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर की गई फायरिंग की घटना में सोनीपत कनेक्शन गहराता जा रहा है।
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमले में अभी तक 12 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इनमें से 9 लोग सोनीपत के रहने वाले हैं। 8 ऐसे हैं जो कि कामकाजी परिवारों से आते हैं। जबसे इनकी गिरफ्तारी हुई है, इनके परिवारों के लिए बुरा समय शुरू हो गया है। घर वाले परेशान हैं। उनका कहना है कि गैंगस्टर अनिल पंडित ने उनके बच्चों को बरगलाकर फंसाया। उनका ब्रेश वॉश किया। जांच एजेंसियां उन्हें पूछताछ के लिए मुंबई तो बुला रही हैं पर उनके पास वहां जाने के लिए किराया तक नहीं है। एक आरोपी के पिता दिव्यांग हैं। एक आरोपी की मां टूटे मकान में रहती है। वह लोगों के घरों में काम करती है। एक आरेापी टैक्सी चलाता था अब उसके घर में पैसों का अभाव है।
फायरिंग की घटना में सोनीपत कनेक्शन गहराया
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार को निशाना बनाकर की गई फायरिंग की घटना में सोनीपत कनेक्शन गहराता जा रहा है। मुंबई पुलिस ने जिले के रोहना गांव से अमर नाम के एक आदमी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में यह 12वीं गिरफ्तारी है। अब तक गिरफ्तार किए गए नौ आरोपियों का कनेक्शन सोनीपत जिले से मिला है। अमर को मुंबई पुलिस और सोनीपत CIA के जॉइंट ऑपरेशन में गिरफ्तार किया गया।
अभी तक कोई पिछला क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं मिला
गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए सोनीपत क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA) के इंचार्ज इंस्पेक्टर पवन कुमार ने कहा कि मुंबई पुलिस ने अमर को पकड़ने में मदद के लिए उनसे संपर्क किया था।
इसके बाद, मुंबई पुलिस और सोनीपत CIA की जॉइंट टीम ने रोहना में एक ऑपरेशन किया और अमर को गिरफ्तार कर लिया।
बाद में मुंबई पुलिस ने उसे आगे की जांच के लिए हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर कुमार ने कहा कि अमर के खिलाफ अभी तक कोई पिछला क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि जांच चल रही है और अगर कोई पिछला क्रिमिनल रिकॉर्ड मिलता है, तो उसकी जांच की जाएगी।





