रायपुर। चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में सुबह से बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश के चलते किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। इस बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है और फसल नुकसान होने पर प्रभावित किसानों को हरसंभव सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि चक्रवात के संभावित प्रभाव को देखते हुए सभी जिलों के कलेक्टरों को फसल क्षति का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि बारिश और तूफान के कारण किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचता है, तो संबंधित क्षेत्रों में सर्वे कराया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को फसल बीमा और मुआवजा संबंधी नियमों के तहत राहत प्रदान की जाएगी।
सीएम साय ने कहा कि इससे पहले भी चक्रवात के कारण प्रदेश में फसलों को नुकसान हुआ था। उस समय भी सरकार ने नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को सहायता उपलब्ध कराई थी। इस बार भी फसल क्षति का आकलन कराया जाएगा और नियमानुसार किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने किसानों से चिंता नहीं करने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी परेशानी को गंभीरता से ले रही है। सरकार के इस आश्वासन से चक्रवात अकवान के संभावित असर को लेकर चिंतित किसानों को राहत मिलने की उम्मीद है।





