मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि प्रदेश में 360 नए धान खरीदी केंद्र खोले जाएंगे, जिससे खरीदी केंद्रों की संख्या 3100 हो जाएगी।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के रूप में शुक्रवार को राज्य के 24 लाख 59 हजार 707 किसानों के बैंक खातों में 498 करोड़ 48 लाख रुपये अंतरित किए गए। वहीं, प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी की तैयारियों के बीच राज्य सरकार ने 360 नए उपार्जन केंद्र खोलने का निर्णय लिया है। इससे प्रदेश में खरीदी केंद्रों की संख्या 2,740 से बढ़कर 3,100 हो जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में आयोजित पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में ये जानकारी दी किसानों को अब तक इस योजना के तहत 11,776 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की राशि मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि किसानों की आर्थिक मजबूती और खेती को लाभकारी बनाना सरकार का संकल्प है।
15 नवंबर से 15 जनवरी तक होगी धान खरीदी
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक धान खरीदी होगी। नए केंद्र खुलने से दो लाख से अधिक किसानों को अपने घर के नजदीक उपज बेचने की सुविधा मिलेगी। तुंहर टोकन एप से 10 नवंबर से 24 घंटे ऑनलाइन टोकन मिलेंगे। दो से पांच नवंबर तक समितियों में ट्रायल रन होगा।





