RBI के नए नियम से क्रेडिट कार्ड पेमेंट में 3 दिन की देरी पर अब जुर्माना नहीं लगेगा. जानें कैसे यह बदलाव आपकी जेब और सिबिल स्कोर को भारी नुकसान से बचाएगा.
अगर आप भी क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करते हैं और अक्सर ड्यू डेट (Due Date) भूल जाने के डर से परेशान रहते हैं, तो भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) आपके लिए एक अच्छी खबर लेकर आया है. RBI ने क्रेडिट कार्ड से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया है, जिससे अब ग्राहकों को पेमेंट के लिए 3 दिन का एक्स्ट्रा समय मिलेगा. ‘क्रेडिट और डेबिट कार्ड: जारी करना और संचालन निर्देश, 2026’ के तहत जारी ये नए नियम 1 अप्रैल, 2027 से लागू होंगे.
क्या अब पेमेंट की डेडलाइन बढ़ गई है?
सबसे पहले यह जान लीजिए कि आपकी ‘ड्यू डेट’ नहीं बदली है. बदलाव सिर्फ पेनल्टी लगाने के तरीके में हुआ है. नए नियमों के मुताबिक, अगर आप ड्यू डेट पर पेमेंट नहीं कर पाते हैं, तो बैंक आपको तुरंत ‘डिफॉल्टर’ घोषित नहीं करेगा. बैंक किसी भी अकाउंट को तब तक ‘पास्ट ड्यू’ (Past Due) नहीं मान सकता, जब तक कि ड्यू डेट के बाद 3 दिन और न गुजर जाएं. यानी, आपके पास अपनी गलती सुधारने के लिए 72 घंटों की एक ‘ग्रेस विंडो’ होगी. इस दौरान पेमेंट करने पर न तो आप पर लेट फीस लगेगी और न ही आपका सिबिल (CIBIL) स्कोर खराब होगा.
लेट फीस और ब्याज का गणित कैसे बदलेगा?
RBI ने जुर्माना वसूलने के पुराने तरीके को भी बदल दिया है. अब तक कई बैंक पूरे बिल अमाउंट पर लेट फीस वसूलते थे, भले ही आपने आधा पेमेंट कर दिया हो. लेकिन अब ऐसा नहीं होगा. नए नियम के अनुसार, लेट फीस केवल उसी राशि (Outstanding Amount) पर लगेगी जो आपने पे नहीं की है. हालांकि, यहां एक बात ध्यान देने वाली है कि भले ही पेनल्टी 3 दिन बाद शुरू हो, लेकिन ‘डेज पास्ट ड्यू’ (DPD) की गिनती असली ड्यू डेट से ही शुरू मानी जाएगी. इसका मतलब है कि राहत सिर्फ जुर्माने की टाइमिंग में मिली है, उधारी चुकाने की जिम्मेदारी में कोई ढील नहीं है.
RBI ने यह सख्त कदम क्यों उठाया?
अक्सर देखा जाता था कि अलग-अलग बैंक अपनी मनमर्जी से लेट फीस वसूलते थे और देरी की रिपोर्टिंग करते थे, जिससे ग्राहकों में काफी भ्रम रहता था. RBI का मकसद सभी बैंकों के लिए एक जैसा सिस्टम बनाना है. इस कदम से पेनल्टी और बकाया राशि के बीच एक सही तालमेल बैठेगा. बैंकों को अपने सिस्टम अपडेट करने के लिए 1 अप्रैल, 2027 तक का समय दिया गया है.
इस बदलाव से आपका क्या फायदा होगा?
सीधी बात यह है कि यह बदलाव आपको एक ‘सुरक्षा कवच’ देता है. अगर तकनीकी खराबी या भूलने की वजह से एक-दो दिन की देरी होती है, तो आप भारी जुर्माने और खराब क्रेडिट रिकॉर्ड से बच जाएंगे. यह नियम बैंकों को ज्यादा पारदर्शी बनाएगा और ग्राहकों की जेब पर पड़ने वाले बेमतलब के बोझ को कम करेगा. याद रखें, यह 3 दिन का समय ‘इमरजेंसी’ के लिए है, इसे आदत बनाना आपके वित्तीय सेहत के लिए ठीक नहीं होगा.





