mor36garh-logo

पूर्व राज्यमंत्री धनीराम साहू के बेटे जयेंद्र साहू ने आत्महत्या कर ली। परिजनों ने पत्नी और उसके प्रेमी पर मारपीट, प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

रायपुर। राजधानी रायपुर के मोवा में पूर्व राज्यमंत्री धनीराम साहू के 45 वर्षीय बेटे जयेंद्र साहू ने आत्महत्या कर ली। घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि परिजनों ने मृतक की दूसरी पत्नी और उसके प्रेमी पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनमें मारपीट से लेकर करोड़ों की जमीन बेच लेने और आत्महत्या के लिए प्रेरित करने तक शामिल हैं।

पूर्व राज्यमंत्री ने थाने में दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद धनीराम साहू सीधे मोवा थाना पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। उन्होंने साफ कहा कि उनके बेटे जयेंद्र की मौत महज़ आत्महत्या नहीं बल्कि प्रताड़ना का परिणाम है। धनीराम ने बहू और उसके प्रेमी पर बेटे के साथ नियमित मारपीट करने, पैसे और गहने ले जाने तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए।

भाई ने दी सूचना
मृतक के बड़े भाई भागवत साहू ने पुलिस को बताया कि जयेंद्र ने खुद को घर में बंद कर लिया था। सूचना मिलने पर जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो घर के हाल में जयेंद्र का शव मिला, जिसके बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया।

पत्नी से परेशान था जयेंद्र
परिजनों के अनुसार जयेंद्र अपनी पत्नी किरण साहू से काफी परेशान था। दो हफ्ते पहले वह घर छोड़कर एक मकान ठेकेदार के साथ चली गई थी। बताया जा रहा है कि उसकी ठेकेदार अनुज द्विवेदी से नजदीकियां उसी समय बढ़ीं जब मृतक ने अपने नए मकान का ठेका उसे दिया था। इसके बाद ठेकेदार घर में ही रहने लगा था।

करोड़ों की जमीन बेचने का आरोप
परिवार ने यह भी दावा किया है कि मृतक के नाम पर दर्ज जमीन को उसकी पत्नी किरण साहू ने 1 करोड़ 36 लाख रुपये में बेच दिया था और पूरा पैसा अपने पास रख लिया। इस आर्थिक विवाद ने भी तनाव को और बढ़ाया था।

पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी और आरोपों की दिशा में कार्रवाई आगे बढ़ेगी।

Mor36garh

Mor36garh

Related News