माइकल जैक्सन की बायोपिक ‘माइकल’ ने भारत में पहले दिन 3.80 करोड़ की कमाई की. हिंदी फिल्मों की कड़ी टक्कर के बीच फिल्म की ओपनिंग उम्मीद से कम रही. अब वीकेंड पर कलेक्शन बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है.
‘किंग ऑफ पॉप’ Michael Jackson की जिंदगी पर बनी बायोपिक ‘माइकल’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे फैंस के लिए यह बड़ी खबर है, लेकिन ओपनिंग डे पर फिल्म का प्रदर्शन उम्मीद से थोड़ा धीमा नजर आया.
पहले दिन का कलेक्शन
रिलीज के साथ ही फिल्म की कमाई के आंकड़े भी सामने आ गए हैं. Sacnilk के शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘माइकल’ ने पहले दिन भारत में करीब 3.80 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया. वहीं, रिलीज से पहले हुए पेड प्रिव्यू शोज से फिल्म ने लगभग 1.70 करोड़ रुपये की कमाई की थी. इस तरह फिल्म का कुल कलेक्शन 5.50 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच गया है. हालांकि, माइकल जैक्सन की लोकप्रियता को देखते हुए ट्रेड एक्सपर्ट्स को इससे ज्यादा ओपनिंग की उम्मीद थी. अब नजरें वीकेंड पर टिकी हैं, जहां फिल्म की कमाई में उछाल आ सकता है.
हिंदी फिल्मों से कड़ी टक्कर
‘माइकल’ के सामने बॉक्स ऑफिस पर कड़ी मुकाबला है. हिंदी फिल्मों की मौजूदगी ने इसके कलेक्शन पर असर डाला है. ‘भूत बंगला’ पहले से ही सिनेमाघरों में मजबूत पकड़ बनाए हुए है, जबकि ‘गिन्नी वेड्स सनी 2’ भी इसी दिन रिलीज हुई है. इसके अलावा ‘धुरंधर 2’ भी कई हफ्तों बाद भी दर्शकों को खींचने में सफल रही है. ऐसे में ‘माइकल’ के लिए स्क्रीन और दर्शकों का बंटवारा एक बड़ी चुनौती बन गया है.
कैसी है फिल्म की कहानी
यह फिल्म एक म्यूजिकल बायोपिक है, जिसमें माइकल जैक्सन के बचपन से लेकर ‘किंग ऑफ पॉप’ बनने तक का सफर दिखाया गया है. कहानी उनके शुरुआती दिनों से शुरू होती है, जब वह ‘जैक्सन 5’ के साथ मंच पर कदम रखते हैं. फिल्म में उनके पिता के सख्त अनुशासन, संघर्ष भरे बचपन और फिर दुनिया भर में मिली शोहरत को भावनात्मक अंदाज में पेश किया गया है. साथ ही, उनके करियर के उतार-चढ़ाव और निजी जिंदगी के पहलुओं को भी दर्शाया गया है. अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में ‘माइकल’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत कर पाती है या नहीं.





