रायपुर। पंडरी थाना क्षेत्र के दलदल सिवनी में एसी ब्लास्ट से अपार्टमेंट के एक फ्लैट में आग लग गई। महिला को बचाते एक युवक घायल हो गया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने मौके पर पंडरी थाने की पुलिस पहुंची हुई थी। आग लगने की घटना क्रॉसविंड अपार्टमेंट की है।
बताया जा रहा है, अपार्टमेंट के तीसरे माले के फ्लैट में मनीष अग्रवाल तथा उसके परिजन किराए पर रहते हैं। दोपहर एक बजे अपार्टमेंट में लोगों ने धमाके की आवाज सुनी। घटना के समय मनीष तथा अन्य परिजन फ्लैट के अंदर ही मौजूद थे। धमाके की आवाज सुनकर घर के सभी सदस्य फ्लैट से बाहर निकले। ब्लास्ट के बाद फ्लैट की आग आपार्टमेंट में तेजी से फैलने लगी। इस बीच अपार्टमेंट के रहवासियों ने घटना की जानकारी पुलिस तथा फायर ब्रिगेड की टीम को दी। आग लगने की सूचना मिलने के 15 मिनट के अंदर फायर ब्रिगेड की टीम घटना स्थल पहुंच गई और आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गई।
लोगों को अपार्टमेंट से बाहर निकाला
अपार्टमेंट के जिस ब्लाक में आग लगी थी, उस ब्लाक में जितने फ्लैट थे, वहां रहने वाले लोगों को पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि रिस्पांस टाइम में फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने पर आग की चपेट में अन्य फ्लैट आते, इसके पहले फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया।
महिला रिश्तेदार को बचाते युवक घायल
आग लगने पर एक महिला कमरे के अंदर फंसी रह गई थी। इसकी जानकारी मिलने पर मनीष ने कमरे की खिड़की का शीशा तोड़ कर कमरे के अंदर प्रवेश किया। पैर से शीशा तोड़ने की वजह से मनीष चोटिल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। शार्ट सर्किट की वजह से एसी में ब्लास्ट होने की आशंका जताई जा रही है।




