गर्भवती महिलाएं भगवान श्रीकृष्ण की कृपा पाने और संस्कारी संतान के लिए बाल कृष्ण दर्शन, मोर पंख उपाय और संतान गोपाल मंत्र का जाप नियमित रूप से करें.
शादियों का सीजन शुरु हो चुका है और इसके साथ ही कई घरों में नई खुशियों का आगमन भी हो रहा है. विवाह के बाद जब परिवार में संतान की प्रतीक्षा होती है, तब हर माता-पिता यह चाहते हैं कि उनका बच्चा गुणवान, संस्कारी और तेजस्वी हो. खासकर गर्भवती महिलाएं भगवान श्रीकृष्ण जैसे दिव्य गुणों वाली संतान की कामना करती हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कुछ विशेष उपाय अपनाकर गर्भ में पल रहे शिशु पर सकारात्मक और सात्विक प्रभाव डाला जा सकता है.
बाल कृष्ण का दर्शन
गर्भावस्था के दौरान वातावरण और विचारों का गहरा असर बच्चे पर पड़ता है. इसलिए घर में बाल कृष्ण की सुंदर और मनमोहक तस्वीर लगाना शुभ माना जाता है. सुबह उठते ही सबसे पहले उस तस्वीर का दर्शन करना चाहिए. ऐसा करने से मन में सकारात्मकता आती है और गर्भ में पल रही संतान पर भी अच्छे संस्कारों का प्रभाव पड़ता है.
मोर पंख का उपाय
धार्मिक मान्यता के अनुसार मोर पंख भगवान श्रीकृष्ण को अत्यंत प्रिय है. गर्भवती महिलाओं को स्नान के बाद मोर पंख को अपने गर्भ के ऊपर से तीन बार घुमाना चाहिए और मन ही मन भगवान श्रीकृष्ण का स्मरण करना चाहिए. यह उपाय न केवल गर्भ की सुरक्षा के लिए लाभकारी माना जाता है, बल्कि इससे भगवान की कृपा भी बनी रहती है और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है.
संतान गोपाल मंत्र का जाप
गर्भावस्था में मंत्र जाप का विशेष महत्व बताया गया है. प्रतिदिन अपनी क्षमता के अनुसार संतान गोपाल मंत्र का जाप करना चाहिए—
ॐ देवकीसुत गोविंद वासुदेव जगत्पते।
देहि मे तनयं कृष्ण त्वामहं शरणं गतः।।
इस मंत्र का नियमित जाप करने से मन शांत रहता है और भगवान श्रीकृष्ण की विशेष कृपा प्राप्त होती है. साथ ही, गर्भ में पल रहे शिशु पर दिव्य गुणों और संस्कारों का प्रभाव पड़ता है.
गर्भावस्था एक पवित्र और संवेदनशील समय होता है. इस दौरान किए गए छोटे-छोटे धार्मिक उपाय और सकारात्मक सोच, बच्चे के भविष्य को बेहतर बनाने में सहायक हो सकते हैं। श्रद्धा और विश्वास के साथ किए गए ये उपाय मां और बच्चे दोनों के लिए लाभकारी माने जाते हैं.





