mor36garh-logo

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महेन्द्रा स्किल एकेडमी में हुआ योग शिविर का आयोजन

रायपुर।  अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महेन्द्रा स्किल एकेडमी एवं महेन्द्रा स्पॉन्ज एंड पावर लिमिटेड, सोंडरा के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एकेडमी के छात्र-छात्राओं सहित प्लांट के अधिकारी एवं कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास में भाग लिया।

कार्यक्रम में योगाचार्य राजेश अग्रवाल एवं आयुष विशेषज्ञ डॉ. आर. के. बघेल ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को विविध योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान के अभ्यास कराए। उन्होंने जीवन में योग के सकारात्मक प्रभावों की चर्चा की और इसे दैनिक जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि के रूप में सार्थक क्रिएटिव ऑर्गनाइजेशन से अजय मिश्रा, संगीता मिश्रा एवं रवि जनस्वामी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में योग को मानवता के लिए एक अमूल्य उपहार बताते हुए इसे शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक उन्नति का माध्यम बताया।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महेन्द्रा स्पॉन्ज एंड पावर लिमिटेड से संजीव सिंह परिहार ने की। उन्होंने संस्थान में स्वास्थ्य एवं सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई और ऐसे आयोजनों की निरंतरता पर बल दिया। व्यवस्था एवं संचालन में महेन्द्रा स्किल एकेडमी के केंद्र प्रभारी विशाल वर्मा तथा उनके सहयोगी निखिल शुक्ला, नीरज कुमार, निशा सिंह एवं कविता गुप्ता का सराहनीय योगदान रहा।

कार्यक्रम का मूल उद्देश्य प्रतिभागियों को योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों से परिचित कराना था। योग न केवल शरीर को स्वस्थ और लचीला बनाता है, बल्कि मन को एकाग्र, शांत और सकारात्मक बनाए रखने में भी सहायक होता है। यह तनाव, अवसाद, उच्च रक्तचाप, मोटापा, मधुमेह जैसे कई रोगों की रोकथाम एवं उपचार में अत्यंत प्रभावशाली भूमिका निभाता है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News