रायपुर। दिवाकर अस्पताल से जुड़े नवजात खरीद-फरोख्त गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। डॉक्टर, पुरुष नर्स समेत 3 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। पुलिस जांच में 11 महीने में 23 बच्चों की अवैध खरीद-बिक्री और फर्जी जन्म प्रमाणपत्र जारी करने का मामला सामने आया है। राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने गुढ़ियारी स्थित दिवाकर अस्पताल के डॉ. खिर सिंधु महानंद, पुरुष नर्स प्रकाश कुमार कौरव और कृतिका के लिव-इन पार्टनर अश्वनी शर्मा को गिरफ्तार किया है। जिस अस्पताल के डॉक्टर को पुलिस ने पकड़ा है, वहां इस वर्ष जनवरी से लेकर अब तक केवल तीन प्रसव दर्ज हुए हैं, लेकिन वहां से 26 नवजात शिशुओं के जन्म प्रमाणपत्र जारी किए गए हैं। पुलिस की जांच में बीते 11 महीनों की अवधि में 23 बच्चों की अवैध खरीद-फरोख्त किए जाने का खुलासा हुआ है। पुलिस इस मामले में आने वाले दिनों में और आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कह रही है। इससे पहले पुलिस ने नवजात खरीद-फरोख्त की मुख्य सरगना कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया था।
ओडिशा के सुंदरगढ़ की गर्भवती महिला को मुफ्त में प्रसव कराने का झांसा देकर आरोपी रायपुर लाए थे। आरोपियों ने महिला का रायपुर में प्रसव कराने के बाद नवजात शिशु का आठ लाख रुपये में सौदा कर दिया था। जब पीड़िता ने अपने नवजात बच्चे को बेचने से स्पष्ट इन्कार कर दिया, तो आरोपियों ने महिला को बंधक बना लिया और उससे पैसों की मांग करने लगे। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने इस गिरोह को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने पिछले तीन से चार वर्षों के दौरान 100 से अधिक नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त की है। पुलिस ने फिलहाल अस्पताल के एक साल के रिकॉर्ड की ही जांच की है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस ने रिमांड हासिल किया है और उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आएंगे, उन तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। नवजात बच्चों का सौदा करने के लिए गिरोह ने अलग-अलग दरें तय कर रखी थीं। आरोपी लड़की होने पर सौदा चार से पांच लाख रुपये में करते थे, जबकि लड़का होने पर उसका सौदा छह से आठ लाख रुपये में किया जाता था। इसके अलावा यदि नवजात शिशु का रंग अधिक गोरा होता, तो आरोपी सौदे की रकम और बढ़ा देते थे। आरोपी गरीब गर्भवती महिलाओं, अविवाहित युवतियों और ऐसी महिलाओं को चुनते थे जिनका पति शराबी हो। आरोपी इन महिलाओं को अपने झांसे में लेकर नवजात शिशु को बेचने के लिए राजी कर लेते थे। इसके एवज में पीड़ित माताओं को केवल 40 से 50 हजार रुपये दिए जाते थे। वहीं अविवाहित गर्भवती युवतियों का प्रसव कराने के बाद आरोपी उनका भेद छिपाने के नाम पर उनसे पैसों की मांग करते थे।
आरोपियों ने नवजात शिशुओं की बिक्री देश के कई राज्यों में की है। गिरोह के सदस्यों ने गुजरात के अहमदाबाद, राजस्थान के अलग-अलग शहरों के साथ महाराष्ट्र और तेलंगाना सहित कई राज्यों में बच्चों को बेचा है। नवजात बच्चों को खरीदारों के पास छोड़ने के लिए प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा के अलावा कृतिका साहू खुद जाती थी। अस्पताल के आरोपी डॉ. खिर सिंधु महानंद द्वारा नवजात शिशु के खरीदार को अस्पताल में भर्ती किए बिना ही अस्पताल की सील लगाकर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार किया जाता था। इसके बाद वह डिस्चार्ज टिकट महिला आरोपी कृतिका साहू को दे देता था। आरोपी डॉक्टर द्वारा वर्ष 2026 में कुल 3 प्रसव होने के बावजूद 26 जन्म प्रमाणपत्र जारी किए गए। पुलिस ने डॉक्टर के कब्जे से पीड़िता के उपचार से संबंधित संपूर्ण दस्तावेज और ओपीडी रिकॉर्ड का रजिस्टर जब्त कर लिया है।
डीसीपी वेस्ट रॉबिंसन गुड़िया ने बताया कि अस्पताल से एक रजिस्टर जब्त किया गया है। उस रजिस्टर में 23 बच्चों के फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बनाए जाने की जानकारी मिली है। जिन दंपतियों के नाम से जन्म प्रमाणपत्र बनाए गए हैं, पुलिस उनकी जांच कर रही है। जिन बच्चों के नाम से फर्जी जन्म प्रमाणपत्र बने हैं, उनमें सभी दूसरे राज्यों के दंपती शामिल हैं। पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी प्रकाश कुमार कौरव पुरुष नर्स का काम करता था। वह आरोपी अश्वनी शर्मा के साथ मिलकर कृतिका साहू, गीतिका नाग और अहिल्या महानंद के साथ नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री में संलिप्त था। आरोपी आर्थिक रूप से कमजोर और अविवाहित गर्भवती महिलाओं की तलाश करके उन्हें प्रसव के लिए अस्पताल में भर्ती कराते थे। इसके बाद नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री का सौदा कर उससे मिलने वाली रकम का आपस में बंटवारा करते थे। आरोपी अश्वनी शर्मा नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री के एवज में रकम के लेन-देन का काम संभालता था। इस मामले की पीड़िता को भी इसी तरह प्रसव कराने के नाम पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।





