देवउठनी एकादशी। 118 दिन की योगनिद्रा के बाद 20 नवंबर को श्रीहरि के जागने के साथ चातुर्मास का समापन होगा। हर्षण, वज्र, रवि और सर्वार्थ सिद्धि योग में विवाह, गृह प्रवेश सहित मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी। चार महीने यानी 118 दिन की योगनिद्रा के बाद आज देवउठनी एकादशी के पावन अवसर पर सृष्टि के पालनहार भगवान विष्णु जागेंगे। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन होगा और विवाह, गृह प्रवेश, प्राण प्रतिष्ठा, मुंडन व उद्यापन जैसे सभी रुके हुए मांगलिक कार्यों का शुभारंभ होगा। अबूझ मुहूर्त होने के कारण आज से ही शादियों की शहनाई भी गूंज उठेगी। चामुंडा दरबार के पुजारी पं. रामजीवन दुबे ने बताया कि इस बार एकादशी पर हर्षण, वज्र, रवि और सर्वार्थ सिद्धि योग का विशेष संयोग बन रहा है। आज शाम गोधूलि बेला में आंगन में रंगोली और गन्ने का मंडप सजाकर भगवान शालिग्राम व तुलसी माता की पूजा होगी। प्रभु को बेर, सिंघाड़ा, सीताफल, गन्ना, विभिन्न भाजियां और खील-बताशे अर्पित कर विष्णु सहस्रनाम के पाठ के साथ क्षीरसागर से जगाया जाएगा।
शुक्र और शनि के किसी दोष का जिक्र शास्त्रों में नहीं
एकादशी की तिथि और व्रत को लेकर पंचांग भेद की स्थिति भी बनी हुई है। कुछ विद्वान 21 नवंबर को व्रत मान रहे हैं, लेकिन राजधानी के अधिकांश पंडितों का मत आज 20 नवंबर को ही एकादशी मनाने के पक्ष में है। विद्वानों के अनुसार इस दिन शुक्र और शनि के किसी दोष का जिक्र शास्त्रों में नहीं है, इसलिए व्रत-पूजन पूरी तरह शुभ है। वहीं, वैष्णव संप्रदाय के अनुयायी द्वादशी युक्त तिथि के अनुसार 21 नवंबर को व्रत रखेंगे। आज व्रत रखने वालों के लिए पारण शनिवार सुबह सूर्योदय के बाद करना उत्तम रहेगा।
तुलसी विवाह में 27 मिनट का शुभ मुहूर्त
देवउठनी एकादशी के अगले दिन 21 नवंबर को तुलसी-शालिग्राम विवाह होगा। विवाह का शुभ मुहूर्त शाम 5.25 से 5.52 बजे तक रहेगा। द्वादशी तिथि सुबह 6.31 बजे शुरू होगी। भद्रा 20 नवंबर की शाम 6.54 से 21 नवंबर की सुबह 6.31 बजे तक रहेगी। इसका तुलसी विवाह पर प्रभाव नहीं पड़ेगा।
करुणाधाम से निकलेगी शाही बारात
नेहरू नगर स्थित करुणाधाम आश्रम में गुरुवार शाम मंगल गीतों के साथ उत्सव की शुरुआत हुई। शुक्रवार सुबह हल्दी-मेहंदी की रस्मों के बाद शाम छह बजे नेहरू नगर चौक से ऊंट, बग्घी और घोड़ों के साथ भव्य बारात निकलेगी। यहां रात सात बजे द्वारचार व लग्न के बाद मूविंग सिस्टम वाली मशीन से तुलसी-शालिग्राम के फेरे कराए जाएंगे।
इन मंदिरों में भी होंगे आयोजन
लालघाटी की रामानंद कालोनी में पं. भंवरलाल शर्मा के सानिध्य में शाम सात बजे तुलसी विवाह होगा। टीटी नगर के चारभुजाजी मंदिर, मां वैष्णो धाम, कोटरा, तलैया, खटलापुरा और बरखेड़ी के मंदिरों में भी विशेष श्रृंगार और भजन संध्या के आयोजन होंगे।
किसानों ने अर्पित की नई फसल, बाजारों में उमड़ी भीड़
कृषि संस्कृति में भी इस पर्व का खास महत्व है। किसानों ने खेतों से निकली नई फसल गन्ना, सिंघाड़ा, आंवला और शकरकंद सबसे पहले भगवान विष्णु को अर्पित कर अच्छी पैदावार के लिए आभार जताएंगे।
बाजारों में छाई रौनक
शादी का सीजन शुरू होते ही न्यू मार्केट, चौक बाजार, एमपी नगर, 10 नंबर मार्केट और सराफा बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी है। ज्वेलरी, साड़ियों, शेरवानी, फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर रौनक लौटने से व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं।





