mor36garh-logo

कोरबा बांकीमोंगरा पुलिस का डबल एक्शन, शराब के लिए मारपीट और एसईसीएल खदान डकैती में 6 आरोपी गिरफ्तार

कोरबा के बांकीमोंगरा में पुलिस ने शराब के लिए मारपीट और एसईसीएल खदान डकैती के दो मामलों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कोरबा जिले के बांकीमोंगरा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पहला मामला शराब के लिए पैसे मांगकर मारपीट का है, वहीं दूसरा मामला एसईसीएल बांकी खदान नंबर 4 में हुई डकैती से जुड़ा है।

शराब के लिए मारपीट का मामला

थाना बांकीमोंगरा क्षेत्र में सूरज कुमार बिंझवार ने 1 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 30 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे वह अपने साथी दिनेश कुमार बिंझवार के साथ देसी शराब भट्ठी से लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें रोककर शराब पीने के लिए 500 रुपये मांगे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और बेल्ट व हाथ-मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की। इस रिपोर्ट पर थाना बांकीमोंगरा में अपराध क्रमांक 226/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 119(1), 191(2) के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी समीर कुर्रे के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेल्ट भी जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में समीर कुर्रे (19 वर्ष), आशीष कुमार पाटले (29 वर्ष), अमन कुमार कुर्रे (24 वर्ष) और हेमलाल कुर्रे (42 वर्ष) शामिल हैं, जो सभी मोंगरा बस्ती, बांकीमोंगरा के निवासी हैं। सभी को 2 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

SECL बांकी खदान में डकैती का मामला

दूसरा बड़ा मामला SECL बांकी खदान नंबर 4 में हुई डकैती से संबंधित है। 28 अक्टूबर को सुरक्षा गार्ड व्यासनारायण चौहान ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26-27 अक्टूबर की दरम्यानी रात करीब 1 बजे 10 से 12 नकाबपोश बदमाशों ने खदान में धावा बोला था। आरोपियों ने चौकीदारों को बंधक बनाकर उनके मोबाइल छीन लिए और गैस कटर से स्टोर में रखे लोहे के रैक व पाइप, जिनकी कीमत करीब 28 हजार रुपये बताई गई है, काटकर चोरी कर ले गए। पुलिस ने अपराध क्रमांक 223/2026 के तहत BNS की धारा 310(2), 127(2), 317(3), 317(5) के तहत मामला दर्ज किया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा, जिन्होंने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों में राहुल विश्वकर्मा (22 वर्ष), जो पिकअप चालक है, और आकाश साहू (20 वर्ष), जो कबाड़ दुकान संचालक है, शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से पिकअप वाहन CG 12 BJ 6180, गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और 2 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। दोनों को जेल भेज दिया गया है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस द्वारा की गई इन कार्रवाइयों से क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News