अंबिकापुर के उदयपुर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले स्कूटी सवार को टक्कर मारी और भागते समय पलटने से अन्नप्राशन का कार्ड बांटकर लौट रहे युवक की मौत हो गई।
सरगुजा जिले के उदयपुर में रविवार रात तेज गति की बेकाबू स्कॉर्पियो हादसे का कारण बन गई। एक ही वाहन से करीब आधे घंटे के भीतर दो सड़क हादसे हो गए। पहले स्कॉर्पियो ने सेंट्रल बैंक मोड़ के पास स्कूटी सवार महिला और उसके बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी, फिर भागने के दौरान खुद पलट गई। स्कॉर्पियो सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। जानकारी के अनुसार रविवार एक नवंबर की रात करीब आठ बजे स्कॉर्पियो ने सेंट्रल बैंक मोड़ के पास स्कूटी सवार महिला और उसके बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में महिला के पैर में गंभीर चोट आई और बच्चा भी घायल हो गया।
बच्चों के अन्नप्राशन का निमंत्रण देने निकला था राहुल
मृतक राहुल यादव पिता रागू नाथ यादव अपने बच्चों के अन्नप्राशन कार्यक्रम का निमंत्रण देने के लिए किराए पर स्कॉर्पियो लेकर निकला था। उसके साथ दोस्त सनी यादव और घरभरन यादव भी थे। निमंत्रण देकर लौटते समय सानीबर्रा के पास हादसा हो गया। जिस घर में खुशी का कार्यक्रम होना था, वहां अब मातम पसरा है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।





