माकड़ी क्षेत्र में चक्रवात ‘अरनव’ की बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन अस्त-व्यस्त है।
बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ ही खेतों में खड़ी धान की फसल को भारी नुकसान की आशंका है। क्षेत्र में बुधवार रात से लगातार हो रही बारिश और तेज हवा-तूफान के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। चक्रवात ‘अरनव’ का असर माकड़ी क्षेत्र में भी दिखाई दे रहा है। रात से रुक-रुककर हो रही बारिश के चलते जहां लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं बिजली आपूर्ति भी बार-बार बाधित हो रही है।
बिजली व्यवस्था प्रभावित
तेज हवा और खराब मौसम के कारण क्षेत्र के कई स्थानों पर बिजली की समस्या बनी हुई है। कहीं थोड़ी-थोड़ी देर में बिजली आ-जा रही है, तो कहीं कुछ समय के लिए आपूर्ति पूरी तरह बंद हो जा रही है। बिजली विभाग की टीम व्यवस्था में सुधार करने और आपूर्ति बहाल रखने के लिए जुटी हुई है, लेकिन लगातार खराब मौसम के कारण परेशानी बनी हुई है।
किसानों की फसलों पर भी पड़ा असर
लगातार बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। जिन किसानों की धान की फसल अभी खेतों में खड़ी है और कटाई नहीं हो पाई है, उन्हें भारी नुकसान की आशंका है। बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसल प्रभावित हो रही है, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिरने की स्थिति बन गई है। किसानों को अपनी उपज खराब होने और आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है।





