छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत डीए एरियर सहित देने और कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग की है। मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
महंगाई के दौर में कर्मचारियों और अधिकारियों को राहत देने के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने राज्य सरकार से जनवरी 2026 से दो प्रतिशत महंगाई भत्ता देय तिथि से एरियर सहित प्रदान करने और कैशलेस चिकित्सा सुविधा तत्काल लागू करने की मांग उठाई है। फेडरेशन ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों की जायज मांगों का जल्द निराकरण नहीं होने पर आगामी दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।
32 संगठनों के पदाधिकारी बैठक में हुए शामिल
इन मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन राजनांदगांव की बैठक भारत स्काउट जिला कार्यालय भवन में आयोजित की गई। स्टेट स्कूल के पास स्थित कार्यालय में हुई बैठक में जिले के 32 कर्मचारी-अधिकारी संगठनों के जिला अध्यक्ष एवं पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में कर्मचारियों और अधिकारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से त्वरित पहल करने की मांग रखी गई।
कैशलेस चिकित्सा सुविधा तत्काल लागू करने पर जोर
- बैठक में उपस्थित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने एक स्वर में जनवरी 2026 से दो प्रतिशत महंगाई भत्ता देने तथा इसका एरियर भी देय तिथि से भुगतान करने की मांग की। इसके साथ ही राज्य के कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा तत्काल लागू करने पर जोर दिया गया।
-
पदाधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के हितों से जुड़े इन विषयों पर सरकार को शीघ्र निर्णय लेना चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी राहत मिल सके। फेडरेशन ने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी जारी रहने पर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। बैठक में आगे की रणनीति और कर्मचारियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से शासन तक पहुंचाने को लेकर भी चर्चा हुई।





