बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सड़क सुरक्षा को मज़ाक बनाते हुए एक खतरनाक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। चलती स्कूटी पर कपल का रोमांस और स्टंट करते हुए तीन लोगों की हरकत न केवल कानून तोड़ने वाली थी, बल्कि उनकी और राहगीरों की जान को भी खतरे में डालने वाली थी। वीडियो वायरल होते ही कोनी पुलिस हरकत में आई और एफआईआर दर्ज कर ली है।
सड़क पर लापरवाही की हद
वायरल वीडियो में तीन युवक एक ही स्कूटी पर सवार दिखाई दिए, स्कूटी तेज रफ्तार में थी और पीछे बैठा कपल खुलेआम रोमांस कर रहा था। तीसरा युवक स्कूटी चला रहा था, जबकि आसपास से वाहन लगातार गुजर रहे थे। इस दौरान किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था, जिससे दुर्घटना का जोखिम कई गुना बढ़ गया था।
नियम उल्लंघन और सार्वजनिक सुरक्षा पर सवाल
सड़क के बीचों-बीच इस तरह का स्टंट ट्रैफिक नियमों की साफ अवहेलना है। बिना हेलमेट, ओवरलोड और स्टंट करते हुए यात्रा करने से न केवल वे खुद खतरे में थे, बल्कि आसपास चल रहे वाहन चालकों के लिए भी यह बड़ा खतरा था। यह घटना शहर में सड़क सुरक्षा और जागरूकता को लेकर गंभीर सवाल उठाती है।
स्कूटी नंबर से ट्रेस कर दर्ज की FIR
वीडियो वायरल होने के बाद कोनी पुलिस ने तुरंत स्कूटी का नंबर ट्रेस किया। पहचान होने पर आरोपी युवक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने साफ कहा है कि ऐसे लापरवाह स्टंट या हरकतें सख्त कार्रवाई के दायरे में आएंगी।





