mor36garh-logo

उत्थान फाउंडेशन के ‘हमर बहिनी के गोठ युवा संवाद’ में विशेषज्ञों ने दिया सफलता का मंत्र, युवाओं को दिखाई भविष्य की राह

रायपुर।20/10/2026/ मां आदिशक्ति की उपासना के पावन पर्व के अवसर पर उत्थान फाउंडेशन द्वारा 16 अक्टूबर को ‘हमर बहिनी के गोठ युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हांडीपारा स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को करियर, नवाचार, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में युवा वैज्ञानिक एवं इंजीनियर आदित्य भार्गव और प्रख्यात टीवी एंकर रसिका पांडे प्रमुख वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। दोनों वक्ताओं ने अपने अनुभवों और विचारों के माध्यम से युवाओं को भविष्य निर्माण के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।

हुनर को पहचानें, मेहनत को सही दिशा दें : आदित्य भार्गव

युवा वैज्ञानिक एवं इंजीनियर आदित्य भार्गव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के युवाओं में प्रतिभा, ऊर्जा और कुछ नया करने की अपार क्षमता है, लेकिन आवश्यकता इस बात की है कि वे अपनी ताकत और हुनर का सही इस्तेमाल करें। केवल सपने देखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही दिशा में प्रयास करना जरूरी है। उन्होंने भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए बताया कि शुरुआती दिनों में सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने वैज्ञानिक कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके जीवन से यह सीख मिलती है कि परिस्थितियां चाहे जैसी भी हों, दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने रवि टम्टा के प्रयासों का उल्लेख करते हुए बताया कि मेहनत और नवाचार के बल पर अपना स्टार्टअप शुरू कर सिंगल-सीटर उड़ने वाली कार बनाने जैसे प्रयास किए जा सकते हैं।

आदित्य भार्गव ने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी रुचि और क्षमता को पहचानें, नई चीजें सीखें तथा तकनीक और विज्ञान का उपयोग समस्याओं के समाधान के लिए करें। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नए अवसर पैदा करने वाला बनने की दिशा में भी सोचना चाहिए। छोटे विचारों से शुरू होकर बड़े बदलाव की नींव रखी जा सकती है।

दूसरों की चिंता छोड़ें, अपने भविष्य पर ध्यान दें : रसिका पांडे

प्रख्यात टीवी एंकर रसिका पांडे ने Gen Z युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें दूसरों की राय और इस चिंता में अपना समय बर्बाद नहीं करना चाहिए कि लोग उनके बारे में क्या सोचेंगे। युवाओं को अपने लक्ष्य, अपनी मेहनत और अपने व्यक्तित्व के विकास पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दूसरों से अपनी तुलना करने के बजाय हर दिन स्वयं को पहले से बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए। सोशल मीडिया पर दूसरों की सफलता देखकर निराश होने के बजाय अपनी क्षमताओं को निखारने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि भविष्य को लेकर सजग रहना जरूरी है, लेकिन चिंता में डूबे रहना समाधान नहीं है।
उन्होंने संदेश दिया, “भविष्य की चिंता होनी चाहिए, चिता नहीं!” रसिका पांडे ने कहा कि आज की मेहनत, सही निर्णय और सकारात्मक सोच ही कल के भविष्य की नींव तैयार करते हैं। इसलिए युवाओं को लोगों की टिप्पणियों से प्रभावित होने के बजाय अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहना चाहिए।

सरकारी योजनाओं से जुड़कर बनें आत्मनिर्भर : कैलाश शर्मा

कार्यक्रम के संयोजक कैलाश शर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं और बहनों के साथ इस तरह का संवाद बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजनों से उन्हें अपने करियर, रोजगार और उद्यमिता के नए अवसरों की जानकारी मिलती है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को केंद्र और राज्य सरकार की रोजगारपरक योजनाओं, स्टार्टअप सहायता और उद्यमिता कार्यक्रमों का लाभ उठाना चाहिए। विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के युवा बिजनेस एक्सीलरेटर कार्यक्रमों सहित उपलब्ध उद्यमिता सहायता के माध्यम से अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और सफल उद्यमी बनने की दिशा में प्रयास कर सकते हैं।उन्होंने महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने वाली सरकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पात्र महिला उद्यमियों को मशीनरी एवं उपकरणों की खरीद पर कुछ योजनाओं के तहत 55 प्रतिशत तक सब्सिडी का लाभ मिल सकता है। इससे महिलाएं अपना व्यवसाय शुरू करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सहायता की जानकारी प्राप्त करें तथा अवसरों का लाभ उठाकर अपने भविष्य को मजबूत बनाएं।

युवाओं में नई संभावनाएं जगाने की पहल

कार्यक्रम का मंच संचालन प्रज्ञा पांडे ने किया। संवाद के दौरान युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, सकारात्मक सोच विकसित करने, नवाचार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में संस्था के मार्गदर्शक समाजसेवी राहुल हरितवाल, विनय साहू, ममता ध्रुव, सृष्टि मारकंडे, बालकृष्ण सोनी, अरविंद कुर्रे, ऋतु देवांगन, तोरण ठाकुर और उमेश सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। ‘हमर बहिनी के गोठ युवा संवाद’ का उद्देश्य युवाओं को केवल प्रेरित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने लक्ष्य निर्धारित करने, उपलब्ध अवसरों को पहचानने और आत्मनिर्भर भविष्य के निर्माण के लिए व्यावहारिक दिशा प्रदान करना भी रहा।

🙏@कैलाश शर्मा, संयोजक
9752778910

Mor36garh

Mor36garh

Related News