मशहूर कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर रेमो डी’सूजा आज इंडस्ट्री का बड़ा नाम हैं। शाहरुख खान, शाहिद कपूर, सलमान खान से लेकर बड़े-बड़े सितारों को डांस सिखाने वाले रेमो को आज जो पहचान मिली है वो तो जग जाहिर है, लेकिन क्या आप जानते हैं, इस नाम के पीछे एक अनकही कहानी छिपी है।
बहुत कम लोग जानते हैं कि ‘रेमो’ का असली नाम रमेश गोपी नायर है। हाल ही में रेमो और उनकी पत्नी लिजेल ने उनकी पर्सनल लाइफ से जुड़ी कई बातों का खुलासा किया है।
शादी नहीं, इस वजह किया धर्म परिवर्तन
लंबे समय से यह माना जाता रहा है कि रेमो ने शादी के लिए धर्म परिवर्तन किया था, लेकिन अब उन्होंने साफ किया है कि यह सच नहीं है। कर्ली टेल्स से बातचीत के दौरान रेमो ने कहा- “मैं एक बात स्पष्ट करना चाहता हूं। लोग सोचते हैं कि मैं लिजेल (पत्नी) के कारण कन्वर्ट हुआ हूं,” जिस पर लिज़ेल ने तुरंत कहा, “जी हां, बिलकुल नहीं। इसका कारण मैं नहीं हूं।”
रेमो का खुलासा
रेमो ने बताया कि वह बेंगलुरु में जन्मे थे, लेकिन बाद में गुजरात के जामनगर में रहने लगे थे। जब वह 15 की उम्र के थे, तभी जामनगर के एक चर्च से जुड़कर उन्होंने काम करना शुरू किया। वह चर्च के लिए शो करते थे, जरूरतमंदों के लिए कपड़े इकट्ठा करते थे और सामाजिक कार्यों में हिस्सा लेते थे। इसी दौरान चर्च के एक फादर ने उन्हें धर्म परिवर्तन का सुझाव दिया, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया।
उन्होंने यह भी बताया कि एक दिन चर्च के फादर ने उन्हें सुझाव देते हुए कहा- “तुम इतना कुछ करते हो चर्च के लिए, तुम कन्वर्ट क्यों नहीं हो जाते।” रेमो ने अपने पिता गोपी नायर से कन्वर्जन के बारे में बात की थी। उनके पिता ने उन्हें अपनी मर्जी से निर्णय लेने की आजादी दी, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि परिवार का नाम नहीं बदलना चाहिए। इसी वजह से रेमो ने अपने नाम में अपने पिता का नाम जोड़ते हुए ‘रेमो गोपी डी’सूजा’ रखा।
रेमो और लिजेल की शादी
रेमो और लिज़ेल ने साल 1999 में शादी की थी। दोनों की मुलाकात संघर्ष के दिनों में हुई थी और तब से लेकर आज तक वे एक-दूसरे के साथ हैं। इस कपल के दो बेटे हैं, जिनके नाम एडोनिस और गेब्रियल हैं।
रेमो डी’सूजा ने अपने करियर की शुरुआत एक डांसर के रूप में की थी और बाद में वह एक सफल कोरियोग्राफर और डायरेक्टर बने। टीवी शो ‘डांस इंडिया डांस’ के जरिए उन्हें घर-घर में पहचान मिली। आज भी वह इंडस्ट्री में अपने काम और पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में बने रहते हैं।





