बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने एक बार फिर अपने फैंस को हंसने पर मजबूर कर दिया। इस बार वजह बनी उनका एक अनोखा डांस, जिसमें उन्होंने पहली बार हाई हील्स पहनकर स्टेज पर परफॉर्म किया। यह मजेदार पल टीवी शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ के ग्रैंड फिनाले के दौरान देखने को मिला, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
शो में अक्षय कुमार का अनोखा अंदाज
फिनाले एपिसोड में जैकलीन फर्नांडिस, भूमि पेडनेकर और कोरियोग्राफर-फिल्ममेकर फराह खान बतौर गेस्ट शामिल हुए थे। शो के दौरान माहौल तब और मजेदार हो गया, जब जैकलीन ने अक्षय को चैलेंज देते हुए कहा कि उन्हें एक मिनट तक हाई हील्स पहनकर डांस करना होगा, वरना उन्हें 1 लाख रुपये देने पड़ेंगे।
शुरुआत में अक्षय कुमार ने इस चैलेंज को लेकर हिचकिचाहट दिखाई और मजाक में कहा कि उन्हें चोट लग सकती है। हालांकि, फराह खान के कहने पर उन्होंने यह चैलेंज स्वीकार कर लिया। जैकलीन की मदद से उन्होंने रेड हील्स पहनीं और फिर फिल्म ‘हाउसफुल 4’ के गाने ‘लाल परी’ पर डांस करना शुरू किया।
अक्षय का मजेदार वीडियो वायरल
अक्षय ने सिर्फ डांस ही नहीं किया, बल्कि हील्स पहनकर घूमने और स्टेप्स करने की भी कोशिश की, जिसे देखकर वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। थोड़ी देर बाद फराह खान और भूमि पेडनेकर भी स्टेज पर उनके साथ शामिल हो गईं, जिससे माहौल और भी शानदार हो गया। फराह ने उनके डांस की तारीफ करते हुए झुककर उन्हें सलाम भी किया।
हालांकि, परफॉर्मेंस के दौरान ही हील्स टूट गईं, जिससे माहौल और भी मजेदार बन गया। डांस खत्म होने के बाद अक्षय ने हंसते हुए कहा कि वह महिलाओं को सलाम करते हैं, जो इतनी आसानी से हील्स पहन लेती हैं।
जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, फैंस ने अक्षय कुमार की खूब तारीफ की। लोगों ने उनके इस अंदाज को “मजेदार” और “अनोखा” बताते हुए उनकी हिम्मत और स्पोर्टिंग स्पिरिट की सराहना की।
गौरतलब है कि ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ का यह सीजन 27 अप्रैल को खत्म हुआ, जिसमें कुल 65 एपिसोड प्रसारित किए गए। शो के दौरान अक्षय के कई यादगार पल दिखाए गए, जिन्हें देखकर वह भावुक भी हो गए।
अक्षय की अपकमिंग फिल्म
वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार की हालिया फिल्म ‘भूत बंगला’ बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है। इसके अलावा वह जल्द ही ‘वेलकम टू द जंगल’ में नजर आएंगे, जो 26 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।





