दुर्ग। गिरधारी नगर स्थित एक घर में एलपीजी सिलेंडर और जामुल थाना क्षेत्र के अरसनारा स्थित एक फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। अग्निशमन विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। जिले में दो अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। दोनों ही मामलों में अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा के कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। समय रहते की गई कार्रवाई से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
गिरधारी नगर में घर के भीतर एलपीजी सिलेंडर में लगी आग
पहली घटना सोमवार को मोहन नगर थाना क्षेत्र के गिरधारी नगर में हुई। यहां एक घर में रखे एलपीजी सिलेंडर में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल प्रभारी भगवती बंजारे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जामुल के अरसनारा स्थित फैक्ट्री की यूनिट में भड़की लपटें
वहीं दूसरी घटना सोमवार रात करीब 12.27 बजे जामुल थाना क्षेत्र के अरसनारा स्थित एक फैक्ट्री में हुई। यहां फैक्ट्री की एक यूनिट में अचानक आग लग गई। सूचना पर अग्निशमन दल प्रभारी धनु यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने तत्काल आग बुझाने का काम शुरू किया और समय रहते उस पर काबू पा लिया, जिससे आग फैक्ट्री के अन्य हिस्सों में नहीं फैल सकी। दोनों घटनाओं में आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है।





