जुर्माने से बचने के लिए हाईवा मालिक ने ही चोरी की पूरी साजिश रची थी। दूसरी चाबी का इस्तेमाल कर साथियों के जरिए वाहन को वहां से हटाया गया।
बेमेतरा। जिले के खमरिया थाना क्षेत्र में बिना रॉयल्टी रेत परिवहन करते एक हाईवा को तहसीलदार ने पकड़कर जब्त किया था, वाहन को कार्रवाई के तहत थाने के सामने खड़ा कराया गया। अगले ही दिन जब्त हाईवा क्रमांक CG-04 NV-8342 थाने के सामने से ही गायब हो गया, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वाहन चालक की रिपोर्ट पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मालिक ने रची चोरी की साजिश
जांच में सामने आया कि जुर्माने से बचने के लिए हाईवा मालिक ने ही चोरी की पूरी साजिश रची थी। दूसरी चाबी का इस्तेमाल कर साथियों के जरिए वाहन को वहां से हटाया गया। आरोपियों ने हाईवा को लोहारा थाना क्षेत्र में ले जाकर रेत डंप कर दिया और वाहन को छुपाकर रख दिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हाईवा मालिक और तीन अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।




