सीबीएसई बोर्ड कक्षा 10वीं के परिणामों में केंद्रीय विद्यालय 99.57% उत्तीर्णता के साथ टॉप पर रहे, जबकि जवाहर नवोदय विद्यालय 99.42% उत्तीर्णता के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
रायपुर। सीबीएसई बोर्ड कक्षा 10वीं के परिणामों में केंद्रीय विद्यालय 99.57% उत्तीर्णता के साथ टॉप पर रहे, जबकि जवाहर नवोदय विद्यालय 99.42% उत्तीर्णता के साथ दूसरे स्थान पर हैं। 2025 में जेएनवी आगे था, लेकिन इस बार केवी ने 0.15% की बढ़त से बाजी पलट दी। बीते दिनों केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने कक्षा 10वीं के 2026 के बोर्ड परीक्षा परिणाम जारी किए थे।
इस बार संस्थान वार प्रदर्शन में केंद्रीय विद्यालय ने बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया है, जबकि जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) दूसरे स्थान पर रहे। 2026 के परिणाम में केंद्रीय विद्यालयों का पास प्रतिशत 99.57% रहा, जो सभी स्कूल कैटेगरी में सबसे ज्यादा है। वहीं, जवाहर नवोदय विद्यालयों का पास प्रतिशत 99.42% दर्ज किया गया। इस तरह केवी ने जेएनवी को 0.15% का मामूली अंतर से पीछे छोड़ा है।
इस माह जारी होंगे बारहवीं कक्षा के परिणाम
गौरतलब है, सीबीएसई 12वीं कक्षा के परिणाम घोषित करने की तैयारी कर रहा है। अप्रैल माह में ही हायर सेकंडरी के भी नतीजे घोषित होने की उम्मीद जताई जा रही है। इस बार 10वीं कक्षा के छात्रों को सीबीएसई दूसरा मौका भी दे रहा है। अर्थात ऐसे विद्यार्थी जो तीन अथवा कम विषय में अनुत्तीर्ण हुए हैं अथवा सभी विषयों में उत्तीर्ण होने के बाद भी अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे इसमें शामिल हो सकते हैं। दूसरी परीक्षा समय पर आयोजित हो सके, इसलिए हाईस्कूल के परिणाम पहले घोषित किए गए हैं। बारहवीं कक्षा के छात्रों को दूसरा अवसर नहीं मिलेगा
अन्य स्कूलों का प्रदर्शन
संस्थान वार रिजल्ट में अन्य स्कूलों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा
- सेंट्रल तिब्बतन स्कूल -97.42%
- निजी (इंडिपेंडेंट) स्कूल – 93.77%
- सरकारी स्कूल – 91.43%
- सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल – 91.01
- दोनों संस्थानों में प्रतिस्पर्धा
यह आंकड़े दिखाते हैं कि टॉप संस्थानों और अन्य स्कूलों के बीच अभी भी स्पष्ट अंतर बना हुआ है। अगर 2025 और 2026 के आंकड़ों की तुलना करें तो टॉप दो संस्थानों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलती है। 2025 में जेएनवी का परिणाम 99.49% तथा केवी का परिणाम 99.45% रहा था। इस तरह जेएनवी 0.04% से आगे रहा था। वहीं 2026 में केवी का उत्तीर्ण प्रतिशत 99.57% तथा जेएनवी का उत्तीर्ण प्रतिशत 99.42% रहा। इस तरह केंद्रीय विद्यालय 0.15% से आगे है। बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए दोनों संस्थानों में हमेशा ही प्रतिस्पर्धा रही है।




