mor36garh-logo

अब महीने में दो बार मिलेगी सैलरी, नया नियम लाया भारत का पड़ोसी देश, इससे क्या फायदा होगा?

नेपाल सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों के पास हर 15 दिन में पैसा आएगा, जिससे उन्हें महीने के अंत में होने वाली पैसों की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा.

अगर आपको महीने में दो बार सैलरी मिलने लगे तो आपकी बहुत सारी दिक्कते दूर हो सकती हैं. भारत के पड़ोसी देश नेपाल ने अब अपने कर्मचारियों के वेतन देने के तरीके में बड़ा बदलाव किया है. अब सरकारी कर्मचारियों को महीने के अंत में एक बार पूरी सैलरी मिलने के बजाय हर 15 दिन में यानी महीने में दो बारसआधी-आधी सैलरी दी जाएगी. सरकार ने दशकों से चली आ रही ‘महीने के अंत में वेतन’ देने की व्यवस्था को बदलते हुए अब ‘पाक्षिक भुगतान प्रणाली’ लागू करने का फैसला लिया है.  नेपाल सरकार के इस कदम को प्रशासनिक ढांचे और कर्मचारियों के हित में एक क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है. नेपाल के वित्त मंत्रालय ने कहा है कि इस कदम का मुख्य उद्देश्य सरकारी कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति को स्थिर करना और बाजार में नकदी के प्रवाह को बढ़ाना है. अक्सर देखा जाता है कि महीने के आखिरी सप्ताह तक आते-आते मध्यम वर्गीय कर्मचारियों की जेब खाली हो जाती है, जिससे उन्हें अपनी दैनिक जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ता है या कर्ज लेना पड़ता है. नई व्यवस्था से उनके पास हर दूसरे हफ्ते पैसा उपलब्ध होगा.

इससे कर्मचारियों और सरकार को क्या फायदा मिलेगा?

आर्थिक विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से केवल कर्मचारियों को ही नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी बड़ा लाभ होगा. जब लोगों के हाथ में हर 15 दिन में पैसा आएगा तो बाजार में खरीदारी की निरंतरता बनी रहेगी. इससे खुदरा विक्रेताओं और छोटे व्यापारियों का व्यापार बढ़ेगा. आमतौर पर महीने की शुरुआत में बाजार में भीड़ होती है और अंत में सन्नाटा, लेकिन अब बाजार में पूरे महीने समान रूप से मांग बनी रहेगी.

स्कूल-बिजली और राशन जैसे खर्चों में होगी आसानी- कर्मचारी

इस घोषणा के बाद नेपाल के सरकारी गलियारों में उत्साह का माहौल है. कर्मचारियों का कहना है कि बजट प्रबंधन अब आसान हो जाएगा. स्कूल की फीस, बिजली का बिल और राशन जैसे खर्चों को अब वे बेहतर ढंग से विभाजित कर सकेंगे. साथ ही, यह प्रणाली विकसित देशों (जैसे अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया) की तर्ज पर है, जो प्रबंधन के आधुनिक नजरिए को दर्शाती है.

बाकी देशों के लिए भी मिसाल बन सकता है यह फैसला

नेपाल सरकार का यह प्रयोग दक्षिण एशिया के अन्य देशों के लिए भी एक मिसाल बन सकता है. यदि यह मॉडल सफल रहता है, तो यह न केवल कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाएगा, बल्कि देश की आर्थिक सेहत सुधारने में भी मील का पत्थर साबित होगा. फिलहाल, सरकार इसे चरणबद्ध तरीके से लागू करने की योजना बना रही है.

Mor36garh

Mor36garh

Related News