mor36garh-logo

बिलासपुर जिले के बेलगहना क्षेत्र में पुलिस ने टेंगनमाडा रेलवे स्टेशन के पास से एक युवक को पकड़ा है। उसके पास से नोटों के बंडल मिले हैं।

बिलासपुर। एमपी की सीमा के करीब युवक के पास से संदिग्ध अवस्था में लाखों के नए-नए नोट मिले हैं। दो सूटकेस और एक बैग में 10, 20 और 50 रुपये के कुल 17 लाख 90 हजार के नोटो बरामद किए गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने संदिग्ध युवक को टेंगनमाडा रेलवे स्टेशन के पास पकड़ा है। इस मामले में बेलगहना पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU)की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की है।

पूरा गिरोह सक्रिय होने की आशंका
बताया जा रहा है कि, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के सीमा क्षेत्र से बिलासपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लाखों रुपयों की भारतीय मुद्रा के साथ एक शातिर कारोबारी को दबोचा है। पुलिस के मुताबिक, उक्त युवक बड़े नोटों के बदले छोटे नोटों  की गड्डियां देकर मुनाफा कमा रहा था। पुलिस इस युवक के पीछे पूरे गिरोह के होने की संभावना जता रही है। गिरोह में बैंक अधिकारियों के भी जुड़े होने की संभावना जताई जा रही है।

मुखबिर ने दी पुलिस को सूचना
बिलासपुर जिले के बेलगहना थाना क्षेत्र में पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट  की टीम बुधवार रात में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि, टेंगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक संदिग्ध युवक बड़ा बैग और पीठ पर लादने वाला बैग लेकर किसी का इंतजार कर रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सूचना देने के बाद टीम ने तत्काल घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से आरोपी पवन बजाज को हिरासत में लिया, जो कश्यप कॉलोनी, सिटी कोतवाली बिलासपुर का निवासी बताया गया है।

नोटों की कुल 81 गड्डियां मिलीं

जब पुलिस ने युवक के पास मौजूद बैगों की तलाशी ली तो बैग के भीतर 10, 20 और 50 रुपए के कड़कड़ाते नए नोटों के बंडल भरे थे। गिनती करने पर कुल 17 लाख 90 हजार रुपए निकले। इनमें 10, 20 और 50 रुपए के नोटों की कुल 81 गड्डियां शामिल थीं। बरामद रकम के बारे में आरोपी कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सका, जिसके बाद पूरी राशि को जब्त कर लिया।

Mor36garh

Mor36garh

Related News