जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के घरघोड़ा में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा.
जनजातीय गौरव दिवस में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शामिल होंगे. ऐसे में आयोजन में कोई कोर कसर बाकी न रह जाए, इसके लिए राज्य सरकार के तीन-तीन मंत्री संगठन पदाधिकारी के साथ जुटे हुए हैं. एक दिन बाद होने वाले आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज धरमजयगढ़ स्थित आयोजन स्थल पर एक तरफ जहां मंत्री ओपी चौधरी, राम विचार नेताम, केदार कश्यप मौजूद हैं, तो दूसरी ओर भाजपा संगठन की ओर से प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह के साथ बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं.
धरमजयगढ में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में आम जनता की जानकारी के लिए तमाम शासकीय विभाग अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों तथा जनजातीय हितग्राहियों के लिए संचालित गतिविधियों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनी स्टॉल लगाएंगे. स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि एवं संबद्ध विभाग, वन, ऊर्जा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा उद्योग एवं रोजगार विभाग सहित संबंधित विभाग अपनी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत करेंगे। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कृषि, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए संचालित प्रयासों को सामने लाया जाएगा. इससे आम नागरिकों को शासन की योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ ही जनजातीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे कार्यों को समझने का अवसर मिलेगा.





