शनिवार के दिन अगर आप पीपल के पेड़ से जुड़े कुछ उपाय करते हैं तो आपके जीवन में सकारात्मकता आ सकती है। इसके साथ ही शनि दोष, नजर दोष के साथ ही कई परेशानियों से आप मुक्ति पा सकते हैं।
शनिवार के दिन पीपल से जुड़े कुछ उपाय करना बेहद शुभ माना जाता है। इन उपायों को करने से आपको शनि दोष के साथ शनि की साढ़ेसाती और ढैय्या में भी राहत मिलती है। साथ ही पीपल से जुड़े कुछ ऐसे उपाय भी हैं जो नजर दोष, विवाह में आ रही अड़चनों को भी दूर कर सकते हैं। आज हम आपको इन्हीं उपायों के बारे में अपने इस लेख में जानकारी देंगे।
पीपल के पेड़ से जुड़ा पहला उपाय
शनिवार के दिन आपको कच्चा सूत लेकर पीपल के पेड़ के तने पर इसे सात बार बांधना चाहिए। इसके बाद शनि देव के मंत्र ‘ॐ ऐं श्रीं ह्रीं शनैश्चराय नम:’ का 11 बार जप करें। इस मंत्र का जप करने के बाद शनि देव का ध्यान करते हुए बाधाओं से मुक्ति की कामना करें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह उपाय करने से आपको करियर के क्षेत्र में उन्नति मिलती है और साथ ही धन-धान्य की भी प्राप्ति होती है।
पीपल के पेड़ से जुड़ा दूसरा उपाय
शनिवार के दिन पीपल के पेड़ के तले बैठकर ‘ॐ श्रीं शं श्रीं शनैश्चराय नम:’ मंत्र का 31 बार जप करें। जप करने के बाद एक नीला फूल लें और इसे गंदे नाले में डाल दें। माना जाता है कि यह उपाय करने से आपको नजर दोष से मुक्ति मिलती है और साथ ही नकारात्मकता भी दूर होती है।
पीपल के पेड़ से जुड़ा तीसरा उपाय
अगर आप दांपत्य और पारिवारिक जीवन में खुशियां चाहते हैं तो शनिवार के दिन काले तिल लेकर इन्हें पीपल के पेड़ की जड़ पर चढ़ाएं। इसके बाद पीपल की जड़ में जल अर्पित करें और ‘ॐ श्रीं शं शनैश्चराय नम:’ मंत्र का 11 बार जप करें। इस उपाय को करने से पारिवारिक जीवन की सभी समस्याएं दूर होती हैं।
पीपल के पेड़ से जुड़ा चौथा उपाय
अगर मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं धन और करियर से जुड़ी समस्याएं आपको आ रही हैं तो आपको शनिवार के दिन एक कटोरी में सरसों का तेल लेना चाहिए और फिर शनि देव के मंत्र ‘ॐ प्रां प्रीं प्रौं स:शनैश्चराय नम:’ का 11 बार जप करना चाहिए। ऐसा करने से धन-करियर से जुड़ी बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान आपको मिल सकता है।
शनिवार का यह उपाय दूर करेगा संघर्ष
अगर आपके जीवन में लगातार चुनौतियां आ रही हैं बनते काम भी बिगड़ रहे हैं और धन से जुड़ी समस्याएं भी हैं तो एक आसान सा उपाय आपको शनिवार के दिन करना चाहिए। आपको करना बस इतना है कि शनिवार के दिन एक मुट्ठी काले तिल लेकर किसी नदी में प्रवाहित कर देने हैं। प्रवाहित करते समय शनि देव का ध्यान करते हुए संघर्षों से मुक्ति की कामना करें। नदी न हो तो आप कहीं भी बहते हुए जल में तिल डाल सकते हैं। ऐसा करने से जीवन में आ रही सभी परेशानियों से आपको मुक्ति मिलती है।





