रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा प्रकाशित छत्तीसगढ़ी पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ एवं छत्तीसगढ़ी पंचांग ‘बछर’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रकाशन से जुड़े साहित्यकारों, संपादकीय टीम और आयोग के पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक अस्मिता, लोकजीवन और समृद्ध परंपराओं की पहचान है। लोककथाओं, लोकगीतों, तीज-त्योहारों और सामाजिक संस्कारों में छत्तीसगढ़ी भाषा की आत्मीयता और संस्कृति की झलक मिलती है। इस विरासत को संरक्षित कर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी पत्रिका ‘सुरहुत्ती’ प्रदेश के साहित्यकारों और रचनाकारों को अपनी प्रतिभा एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए बेहतर मंच प्रदान करेगी। वहीं छत्तीसगढ़ी पंचांग ‘बछर’ पारंपरिक कालगणना, लोकपर्वों और सांस्कृतिक मान्यताओं से नई पीढ़ी को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि दोनों प्रकाशन छत्तीसगढ़ी भाषा के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करने के साथ प्रदेश की साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की क्षेत्रीय भाषाओं, बोलियों और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। अपनी भाषा और संस्कृति से जुड़ाव ही हमारी वास्तविक पहचान है, जो आने वाली पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़े रखता है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, मुख्यमंत्री के सलाहकार कृष्णा दास, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, प्रबंध संपादक डॉ. अभिलाषा बेहार सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।





