mor36logo-desktop

NHM कर्मियों के लिए खुशखबरी, वेतन बढ़ोतरी से लेकर ट्रांसफर तक, सरकार ने दी बड़ी राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) में कार्यरत हजारों संविदा कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों पर राज्य कार्यकारिणी समिति ने महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए कई प्रस्तावों को अनुमोदन प्रदान किया है। बैठक का कार्यवाही विवरण (मीटिंग मिनट्स) जारी होने के बाद नई HR पॉलिसी 2026, स्थानांतरण नीति, चिकित्सा सुविधाओं और 5 प्रतिशत वेतन वृद्धि को लेकर स्थिति स्पष्ट हुई है। गौरतलब है कि पिछले वर्ष NHM कर्मचारियों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर लगातार 33 दिनों तक प्रदेशव्यापी हड़ताल की थी। इस ऐतिहासिक आंदोलन के बाद अब समिति के फैसलों से कर्मचारियों में उम्मीद की नई किरण जगी है।

इन प्रमुख मांगों पर हुआ महत्वपूर्ण निर्णय

  1. नई HR पॉलिसी 2026 को मंजूरी: NHM कर्मचारियों के लिए नई मानव संसाधन नीति 2026 लागू करने का निर्णय लिया गया है। इससे कर्मचारियों की सेवा शर्तों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद है।
  2. स्थानांतरण नीति होगी लागू: कर्मचारियों को समान पद पर आपसी स्थानांतरण, शासकीय सेवक पति-पत्नी के आधार पर स्थानांतरण, स्वयं अथवा परिवार के गंभीर बीमारी से ग्रसित होने और स्वयं के आवेदन जैसे आधारों पर स्थानांतरण का अवसर मिलेगा।
  3. वंचित कर्मचारियों को मिलेगा 5% वेतन वृद्धि का लाभ: पूर्व में स्वीकृत 5 प्रतिशत वेतन वृद्धि से छूटे हुए पात्र कर्मचारियों को इसका लाभ देने तथा वार्षिक वेतन वृद्धि के संबंध में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
  4. चिकित्सा अवकाश की स्वीकृति में राहत: 35 हजार रुपये से कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों के चिकित्सा अवकाश की स्वीकृति जिला स्तर पर होगी, जबकि 35 हजार रुपये से अधिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों के प्रकरणों का अनुमोदन राज्य स्तर से किया जाएगा।
  5. चिकित्सा उपचार खर्च की होगी प्रतिपूर्ति: भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप NHM कर्मचारियों को चिकित्सा परिचर्या की सुविधा मिलेगी। शासन से मान्यता प्राप्त अस्पतालों में उपचार कराने पर नियमानुसार चिकित्सा खर्च की प्रतिपूर्ति की जाएगी। जिला स्तर के कर्मचारियों के मामलों में CMHO एवं सिविल सर्जन की समीक्षा के आधार पर भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित होगी।

कर्मचारी संघ ने फैसलों का किया स्वागत

राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक के कार्यवाही विवरण जारी होने के बाद छत्तीसगढ़ प्रदेश NHM कर्मचारी संघ ने इन निर्णयों का स्वागत किया है। संघ के प्रदेश प्रवक्ता पुरन दास ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि NHM महासम्मेलन में की गई घोषणाओं को लेकर निर्णयात्मक पहल होना प्रदेश के हजारों संविदा कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत है। उन्होंने कहा कि इन निर्णयों से कर्मचारियों में सकारात्मक उम्मीद जगी है। अब सभी कर्मचारियों को संबंधित प्रस्तावों के विधिवत आदेश जारी होने का इंतजार है।

33 दिनों के आंदोलन का दिखने लगा असर

कर्मचारी संघ का मानना है कि यह उपलब्धि कर्मचारियों की वर्षों की एकजुटता, धैर्य और सामूहिक संघर्ष का परिणाम है। पिछले वर्ष 33 दिनों तक चले आंदोलन में कर्मचारियों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज बुलंद की थी। अब उन मांगों से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर राज्य कार्यकारिणी समिति द्वारा अनुमोदन दिए जाने से कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, कर्मचारियों को इन निर्णयों का वास्तविक लाभ संबंधित विभागीय आदेश जारी होने और उनके क्रियान्वयन के बाद ही मिल सकेगा।

Mor36garh

Mor36garh

Related News