सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। 25 नवंबर को चिंतलनार थाना क्षेत्र के गुंडराजगुडेम और रासापल्ली के जंगलों में चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप से 8 देसी हथियार और 229 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री में एके-47, एसएलआर, इंसास और अन्य हथियारों के कारतूस, 10 से 12 किलो का टिफिन आईईडी, 3 हैंड ग्रेनेड, डेटोनेटर, गन पाउडर और अन्य विस्फोटक सामग्री शामिल हैं। इसके अलावा वायरलेस सेट, मैगजीन, नक्सली साहित्य और वर्दियां भी मिली हैं। यह कार्रवाई जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर की। पुलिस ने बताया कि जिले में नक्सली डंप की तलाश और नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार जारी रहेगा।
आईईडी, हैंड ग्रेनेड और विस्फोटक सामग्री भी मिली
सर्चिंग के दौरान करीब 10 से 12 किलोग्राम वजन का एक टिफिन आईईडी भी बरामद किया गया, जो वायर रहित अवस्था में था। इसके साथ 3 हैंड ग्रेनेड, 4 देसी तीर बम, 10 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, बीजीएल सेल, बीजीएल कारतूस, लगभग 50 मीटर कॉर्डेक्स वायर और करीब 5 किलोग्राम गन पाउडर भी मिला। संयुक्त टीम को मौके से एके-47 और इंसास की 4-4 मैगजीन, स्टेनगन की 2 मैगजीन, वायरलेस सेट, बैटरियां, रिमोट रिसीवर, इलेक्ट्रिक वायर, नक्सली साहित्य, काली वर्दी के 15 जोड़ी सेट, कॉम्बैट वर्दी का कपड़ा, दवाइयां और अन्य उपयोगी सामग्री भी बरामद हुई है। नक्सली डंप की तलाश में लगातार जारी है अभियान पुलिस के मुताबिक, जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत जंगलों और दुर्गम इलाकों में छिपाकर रखे गए हथियारों, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री के डंप की लगातार तलाश की जा रही है। बरामद सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।





