mor36garh-logo

दुबई में गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ सात समंदर पार दुबई में दिखी संस्कृति की झलक

संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में रह रहे छत्तीसगढ़ी प्रवासियों ने धूमधाम से राज्योत्सव और दीवाली मिलन मनाया, जिसमें पारंपरिक परिधानों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।

छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस और दीवाली मिलन समारोह का भव्य एवं सांस्कृतिक आयोजन इस बार देश की सीमाओं से परे, हजारों किलोमीटर दूर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई शहर में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। यूएई में निवास कर रहे प्रवासी छत्तीसगढ़ी समुदाय ने अपनी माटी की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं और भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश करते हुए इस राज्योत्सव को ऐतिहासिक बना दिया। कार्यक्रम के दौरान पूरा प्रांगण ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया के जयघोष से गुंजायमान हो उठा और सुदूर सात समंदर पार भी अपनी जन्मभूमि से जुड़ाव का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में –

चित्रकला प्रतियोगिता – नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए विशेष पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और रंगों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति को कैनवास पर उकेरा।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियां – पारंपरिक छत्तीसगढ़ी परिधानों में सजी खुशी और अमृता की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद हर दर्शक का मन मोह लिया और छत्तीसगढ़ी लोक जीवन की यादें ताजा कर दीं।

वरिष्ठ सदस्यों और आयोजन समिति का सराहनीय योगदान

कार्यक्रम को भव्य रूप देने में समुदाय के वरिष्ठ सदस्यों सुशील व तनुजा केसकर, प्रमोद व रूपल, अमित व पल्लवी, अमृता व पुष्पेंद्र, तथा खुशी व विनय की गरिमामयी उपस्थिति ने चार चांद लगा दिए। इसके अलावा, मनोरंजक गतिविधियों में सिजो व टीना, आरती व हर्षित, और श्रेया व अंशुमान का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम स्थल के चयन से लेकर पारंपरिक स्वादिष्ट भोजन की उत्तम व्यवस्था में विशाल, टोमन और बबीता के प्रयास बेहद सराहनीय रहे। आयोजकों ने अंत में कहा कि इस सफल आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि छत्तीसगढ़िया समाज दुनिया के चाहे किसी भी कोने में रहे, वह अपनी समृद्ध संस्कृति, परंपरा और आपसी एकता की जड़ों को कभी नहीं भूलता।

Mor36garh

Mor36garh

Related News