बिलासपुर के पचपेड़ी क्षेत्र में रात में घूमने से मना करने पर एक पोते ने खाट के पाए से पीट-पीटकर अपनी 65 वर्षीय दादी की हत्या कर दी
पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी में बाहर आने-जाने से रोकने की बात से नाराज पोते ने अपनी 65 वर्षीय दादी के सिर पर लकड़ी से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित ने फोन कर अपने पिता को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपित को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है। डीएसपी सुदीप सरकार ने बताया कि लोहर्सी सतनामी पारा में रहने वाले सजन कोसले रोजी मजदूरी करते हैं। फिलहाल वे परिवार को लेकर बाहर मजदूरी करने के लिए गए हैं। घर पर उनकी मां नरबद कोसले(65) अपने पोते मृत्युंजय के साथ रहती थी। हत्या के बाद उसने अपने पिता सजन कोसले को काल किया। उसने दादी की हत्या की बात बताकर दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। मां की मौत की सूचना पर सजन ने गांव में रहने वाले अपने मामा भागवत महिलांगे को काल कर जानकारी दी। तब भागवत गांव के लोगों के साथ मौके पर पहुंचा। उसने घटना की जानकारी डायल 112 पर दी। तब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया। इसके बाद पुलिस ने आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया। पीएम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है। पुलिस ने आरोपित युवक को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया है।
दादी के शव के साथ बैठा रहा युवक
वारदात के बाद आरोपित मृत्युजय कोशले उर्फ बब्बू कोसले ने अपने पिता को फोन कर दादी की हत्या करने की जानकारी दी। इसके बाद यह सूचना मृतका के भाई भागवत महिलांगे तक पहुंची। भागवत अपने पड़ोसियों के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन घर का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से वृद्धा की हालत देखने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान वह आराम से अपनी दादी के शव के पास बैठा रहा।





