राजधानी के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में चोरों ने मोबाइल शाॅप को निशाना बनाते हुए 70 से अधिक आइफोन पार कर दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजधानी के तेलीबांधा इलाके में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दी है। मरीन ड्राइव के सामने स्थित आई नेक्स्ट (एप्पल स्टोर) का शटर बीच से मोड़कर चोर अंदर घुसे और करीब 1 करोड़ 89 लाख रुपये के मोबाइल फोन व इलेक्ट्रॉनिक गैजेट चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में 173 आईफोन के अलावा स्मार्ट वॉच, हेडफोन और डीवीआर शामिल हैं। चोरों ने दुकान में रखी आलमारी और दराज को भी खंगाला। वारदात के दौरान दुकान के शटर में लगे दोनों ताले अपनी जगह लगे हुए थे। इससे आशंका है कि चोरों ने शटर को बीच से उठाकर अंदर प्रवेश किया।
रात 10:30 बजे दुकान बंद कर घर गया था संचालक
एफआईआर के मुताबिक, सुनील कुमार डागा आई नेस्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड का संचालन करते हैं। मरीन ड्राइव के सामने उनकी आई नेक्स्ट नाम से मोबाइल दुकान है। 31 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वह दुकान बंद कर शटर में ताला लगाकर घर चले गए थे। इसके बाद एक नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे स्टोर मैनेजर स्वप्निल सोनी ने उन्हें फोन किया। मैनेजर ने बताया कि दुकान का शटर बीच से मुड़कर ऊपर उठा हुआ है, जबकि शटर के दोनों ताले लगे हुए हैं।
मोबाइल फोन का स्टॉक गायब मिला
मैनेजर ने अंदर जाकर देखा तो आलमारी और दराज खुले मिले। उनमें रखा मोबाइल फोन का स्टॉक भी गायब था। सूचना मिलते ही दुकान संचालक ने परिवार के लोगों को जानकारी दी और पुलिस को सूचना देकर दुकान पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो बड़ी संख्या में मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान गायब थे।
सबसे ज्यादा आईफोन 17 की चोरी
चोर दुकान से अलग-अलग मॉडल के कुल 173 आईफोन ले गए। चोरी गए मोबाइल की सूची में सबसे ज्यादा संख्या आईफोन 17 की है। इसके अलावा प्रो, प्रो मैक्स और अन्य मॉडल भी शामिल हैं।
चोरी गए मोबाइल का ब्योरा इस प्रकार है
मोबाइल मॉडल संख्या
आईफोन 17 132
आईफोन 17 प्रो 7
आईफोन 17 प्रो मैक्स 11
आईफोन एयर 4
आईफोन 18 प्रो 12
आईफोन 15 1
आईफोन 16 6
कुल 173
स्मार्ट वॉच और हेडफोन भी ले गए
मोबाइल फोन के साथ चोर दुकान में रखे अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान भी समेट ले गए। एफआईआर में दर्ज विवरण के अनुसार चोरी गए सामान में तीन स्मार्ट वॉच, 16 हेडफोन और एक डीवीआर शामिल है।
सामान संख्या कीमत
आईफोन 173 नग 1,85,12,718 रुपये
स्मार्ट वॉच 3 नग 1,42,788 रुपये
हेडफोन 16 नग 2,42,436 रुपये
डीवीआर 1 नग 5,000 रुपये
कुल 1,88,97,942 रुपये
तेलीबांधा पुलिस ने दर्ज किया मामला
तेलीबांधा थाना पुलिस ने एक नवंबर 2026 को रात 10:34 बजे चोरी की रिपोर्ट दर्ज की। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 और 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले में आरोपित अज्ञात हैं।




