mor36garh-logo

मां के साथ अवैध संबंध का था शक, बाप-बेटे ने हथौड़े से फोड़ा प्रेमी का सिर; हालत गंभीर

रायपुर के तिल्दाडीह में अवैध संबंध के शक में पिता-पुत्र ने हथौड़ी से युवक पर जानलेवा हमला किया।

खरोरा थाना क्षेत्र के ग्राम तिल्दाडीह में अवैध संबंध की शंका को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। गांव के ही पिता-पुत्र ने युवक को घेरकर लोहे की हथौड़ी से उसके सिर पर छह से सात वार कर दिए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। उसके सिर से काफी खून बह रहा था। घटना के बाद परिजन उसे डायल 112 की मदद से खरोरा के श्रीकृष्णा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने घायल युवक के पिता सुंदर सायतोडे की रिपोर्ट पर गांव के राजेश जांगड़े और उसके छोटे बेटे विकास जांगड़े के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया है।

एक दिन पहले भी किया था हमला

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, सुंदर सायतोडे वार्ड क्रमांक 10 तिल्दाडीह में परिवार के साथ रहते हैं और खेती-किसानी करते हैं। उनका बेटा दीपक सायतोडे गांव में ही रहता है। आरोप है कि राजेश जांगड़े का छोटा बेटा विकास अपनी मां के साथ दीपक के अवैध संबंध होने की शंका करता था। इसी बात को लेकर 31 अक्टूबर को भी विकास ने दीपक के साथ मारपीट की थी। उस दौरान दीपक के बाएं हाथ में चोट आई थी। हालांकि, विवाद इसके बाद भी शांत नहीं हुआ।

नीम के पेड़ के नीचे बेहोश मिला बेटा

  • एक नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे सुंदर सायतोडे अपने घर में साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान गांव के अर्जुन मांडले का फोन आया। उसने बताया कि राजेश जांगड़े और उसके छोटे बेटे विकास ने दीपक को जान से मारने की नीयत से हथौड़ी से बुरी तरह पीटा है। मारपीट के बाद दीपक आरोपी के घर के पास स्थित नीम के पेड़ के नीचे बेहोश पड़ा है। उसके सिर से काफी खून निकल रहा है।
  • सूचना मिलते ही सुंदर अपनी पत्नी मानबाई सायतोडे के साथ मौके पर पहुंचे। वहां उनका बेटा जमीन पर बेहोश और गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके सिर पर गहरी चोटें थीं और काफी खून बह चुका था। इसके बाद तत्काल डायल 112 को सूचना दी गई। वाहन की मदद से दीपक को श्रीकृष्णा अस्पताल खरोरा पहुंचाया गया, जहां उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।

हथौड़ी लेकर पहुंचे थे पिता-पुत्र

सुंदर सायतोडे ने पुलिस को बताया कि अवैध संबंध की शंका को लेकर राजेश जांगड़े और उसका बेटा विकास हथौड़ी लेकर पहुंचे थे। दोनों ने दीपक के साथ गाली-गलौज करते हुए लोहे की हथौड़ी से हमला किया। आरोप है कि विकास ने दीपक के सिर पर छह से सात बार वार किए। इससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के दौरान होरीलाल सहित गांव के अन्य लोगों के मौजूद रहने की बात भी शिकायत में कही गई है।

Mor36garh

Mor36garh

Related News