चक्रवात अर्णब से फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल सर्वे के निर्देश दिए हैं।
चक्रवात अर्णब से प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस संबंध में सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रभावित किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें समय पर राहत मिल सके, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करे।
RBC 6-4 के तहत मिलेगी सहायता
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि आकलन के बाद आरबीसी 6-4 के प्रावधानों और निर्धारित मानदंडों के अनुसार पात्र किसानों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण से लेकर सहायता राशि के वितरण तक की पूरी प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
अन्नदाताओं के हितों की रक्षा को प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रभावित किसानों को समय पर राहत मिल सके। अन्नदाताओं के हितों की रक्षा और उन्हें हरसंभव संबल प्रदान करने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है।





