mor36logo-desktop

NCC से निखर रहा युवाओं का व्यक्तित्व, राष्ट्रसेवा के लिए हो रहे तैयार : ओपी चौधरी

नवा रायपुर । वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि युवा शक्ति ही छत्तीसगढ़ और देश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी आधारशिला है। युवाओं में अनुशासन, एकाग्रता, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की महत्वपूर्ण भूमिका है। एनसीसी का प्रशिक्षण युवाओं को केवल सैन्य सेवाओं के लिए ही तैयार नहीं करता, बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक आत्मविश्वास, दृढ़ संकल्प और नेतृत्व क्षमता भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है। ऐसे समय में युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना, उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। वित्त मंत्री चौधरी आज नवा रायपुर के लखौली में आयोजित एनसीसी प्रशिक्षण कैंप में शामिल हुए। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए एनसीसी कैडेटों से संवाद कर उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन और निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने तथा अपनी प्रतिभा का उपयोग देश और समाज के विकास में करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे कैडेटों के उत्साह, समर्पण और अनुशासन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर ब्रिगेडियर श्री साई प्रसाद, कर्नल श्री रमेश सहित एनसीसी के अधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में कैडेट उपस्थित थे।

सेना, नौसेना और वायुसेना में करियर के साथ राष्ट्रसेवा का गौरवशाली अवसर

वित्त मंत्री चौधरी ने कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना युवाओं के लिए उत्कृष्ट करियर के अवसर उपलब्ध कराती हैं। इन सेवाओं में शामिल होकर युवा न केवल अपना भविष्य संवार सकते हैं, बल्कि राष्ट्र की सुरक्षा और सम्मान में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं को सैन्य जीवन, अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना से परिचित कराने का महत्वपूर्ण मंच है। छत्तीसगढ़ के अधिक से अधिक युवाओं को रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना के माध्यम से भी युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण और राष्ट्रसेवा के अवसर मिल रहे हैं। राज्य सरकार अग्निवीरों के भविष्य और रोजगार के अवसरों को लेकर भी सकारात्मक पहल कर रही है। उन्होंने कहा कि सैन्य प्रशिक्षण से प्राप्त अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता जीवनभर युवाओं के काम आती है।

सोशल मीडिया के दौर में एकाग्रता और धैर्य बनाए रखना युवाओं के लिए बड़ी चुनौती

वित्त मंत्री चौधरी ने युवाओं को डिजिटल तकनीक और सोशल मीडिया के विवेकपूर्ण उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि आज का समय तकनीक और सूचना क्रांति का युग है। इंटरनेट, सोशल मीडिया और आधुनिक तकनीक ने ज्ञान तथा अवसरों के नए द्वार खोले हैं, लेकिन इनका अत्यधिक और अनियंत्रित उपयोग युवाओं की एकाग्रता तथा समय प्रबंधन को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया पर लगातार छोटी-छोटी वीडियो सामग्री देखने और बिना उद्देश्य के समय बिताने की प्रवृत्ति बढ़ रही है। इससे लंबे समय तक किसी एक लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। युवाओं को यह समझना होगा कि तकनीक उनके विकास का साधन बने, न कि वे तकनीक के अधीन हो जाएं।

स्वस्थ, अनुशासित और जागरूक युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत

वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है। इस जनसांख्यिकीय क्षमता का पूरा लाभ तभी प्राप्त होगा, जब युवा शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होंगे। उन्होंने युवाओं से नियमित शारीरिक गतिविधियों, खेलकूद, संतुलित दिनचर्या और मानसिक एकाग्रता पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, कठिन परिस्थितियों का सामना करने, सामूहिक जिम्मेदारी निभाने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर देता है। इससे प्राप्त अनुभव युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, अनुसंधान, उद्यमिता, रक्षा सेवाओं सहित प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने में सहायता करते हैं।वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने कैडेटों के साथ अपने जीवन के संघर्ष और सफलता के अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि सिविल सेवा की तैयारी के दौरान उन्होंने अपने समय का अत्यंत अनुशासित ढंग से उपयोग किया। नियमित दिनचर्या और लंबे समय तक एकाग्र होकर अध्ययन करने की आदत ने उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने में मदद की। उन्होंने युवाओं को बताया कि सफलता के लिए केवल संसाधन और सुविधाएं ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि स्पष्ट लक्ष्य, मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत सबसे अधिक महत्वपूर्ण हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर मजबूत हुई भारत की पहचान

वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में भारत ने रक्षा उत्पादन, तकनीक, विनिर्माण और आर्थिक विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। भारत आज रक्षा उपकरणों के आयात पर निर्भरता कम करते हुए स्वदेशी उत्पादन और निर्यात की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ब्रह्मोस जैसी स्वदेशी रक्षा प्रणालियों की वैश्विक मांग देश की बढ़ती तकनीकी और सामरिक क्षमता को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन विनिर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारत की बढ़ती भागीदारी आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती प्रदान कर रही है। आज विश्व में भारत की पहचान एक उभरती हुई आर्थिक, तकनीकी और सामरिक शक्ति के रूप में स्थापित हो रही है। उन्होंने युवाओं से इस बदलते भारत की संभावनाओं को समझने और अपनी प्रतिभा, ज्ञान तथा कौशल के माध्यम से देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया। चौधरी ने कहा कि तेजी से बदलती वैश्विक परिस्थितियों में युवाओं का जागरूक, जिम्मेदार और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्ध होना अत्यंत आवश्यक है। देश की प्रगति और सुरक्षा में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। एनसीसी जैसे संगठन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सेवा, एकता और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।

बड़े सपने देखें, संकल्प मजबूत रखें और देश के विकास में योगदान दें

वित्त श्री ओ.पी. चौधरी ने कैडेटों से कहा कि वे अपने जीवन में बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करें। सफलता किसी एक क्षेत्र या पद तक सीमित नहीं है। प्रत्येक युवा अपनी रुचि, योग्यता और मेहनत के आधार पर समाज तथा राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा और संभावनाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता उन्हें सही मार्गदर्शन, बेहतर अवसर और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने की है। राज्य सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। चौधरी ने एनसीसी के अधिकारियों और प्रशिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण के साथ देश के भविष्य को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने सभी कैडेटों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा अपनी ऊर्जा, अनुशासन, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प से विकसित छत्तीसगढ़ तथा विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएं।

Mor36garh

Mor36garh

Related News