छत्तीसगढ़ सरकार ने धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत कूंरा का नाम बदलकर फिर से कुंवरगढ़ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को पुनर्स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मंत्रिमंडल की बैठक में धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत कूंरा का नाम बदलकर फिर से कुंवरगढ़ करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। इस निर्णय से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
विधायक की पहल पर पूरा हुआ वादा
नाम परिवर्तन के लिए धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने पहल की थी। पिछले वर्ष आयोजित कुंवरगढ़ महोत्सव में उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के समक्ष नगर का पुराना नाम बहाल करने का आग्रह किया था। कैबिनेट की मंजूरी के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह केवल नाम परिवर्तन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक अस्मिता और ऐतिहासिक विरासत का पुनरुद्धार है।
क्षेत्र में जश्न का माहौल
निर्णय के बाद कुंवरगढ़ सहित धरसींवा क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने आतिशबाजी कर, मिठाई बांटकर और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर खुशी जताई। स्थानीय लोगों ने इसे क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान लौटाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। लोगों का कहना है कि पुराने नाम से क्षेत्र को पर्यटन और सांस्कृतिक मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।





