छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से 3100 रुपये प्रति क्विंटल पर धान खरीदी शुरू होगी।
किसानों की सुविधा के लिए ‘तुंहर टोकन’ ऐप, बायोमेट्रिक पहचान और 3100 खरीदी केंद्र बनाए गए हैं। प्रदेश में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। सरकार 27.50 लाख से अधिक किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदेगी। इस वर्ष 360 नए केंद्र खोले गए हैं। अब प्रदेश में कुल 3,100 केंद्रों पर खरीदी होगी। केंद्र सरकार ने केंद्रीय पूल में 73 लाख टन चावल जमा करने का लक्ष्य दिया है।
‘तुंहर टोकन’ मोबाइल एप से ऑनलाइन सुविधा
किसानों को सोसायटियों में लंबी कतारों से बचाने के लिए ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल एप से 24 घंटे आनलाइन टोकन लेने की सुविधा मिलेगी। दो एकड़ तक के किसानों को एक, दो से 10 एकड़ तक के किसानों को अधिकतम दो और 10 एकड़ से अधिक रकबे वालों को अधिकतम तीन टोकन मिलेंगे। एक टोकन में पूरा धान नहीं बेच पाने पर शेष पात्रता अगले टोकन में मिलेगी।
अवैध आवक रोकने पुख्ता इंतजाम
वहीं अवैध आवक रोकने के लिए 273 चेक पोस्ट और 131 सीमावर्ती खरीदी केंद्र चिह्नांकित किए गए हैं। चावल की बोरियों पर क्यूआर कोड स्कैनिंग और धान परिवहन वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग अनिवार्य होगी। शिकायतों के निराकरण के लिए 24 से 72 घंटे की समय-सीमा तय की गई है।





